Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (23 जुलाई 2026) की खबरों में CJP का 24 जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान, CJP आंदोलन में विदेशी फंडिंग के आरोप, दिल्ली मेट्रो स्टेशन बंद पर अभिजीत दीपके का हमला, डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा प्रमुख रहा।

CJP का 24 जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने पुलिस बर्बरता के खिलाफ देशव्यापी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। पार्टी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्टर के मुताबिक, शुक्रवार, 24 जुलाई को देश के हर जिले में प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की गई है। पार्टी ने इस अभियान को छात्रों और विभिन्न संगठनों के सहयोग से आयोजित करने का आग्रह किया है।
अभिजीत दीपके ने छोड़ा जंतर-मंतर का मोर्चा?
जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय से जारी प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke ) की तबीयत बिगड़ गई है। स्वास्थ्य खराब होने के कारण गुरुवार को उन्हें कुछ समय के लिए प्रदर्शन स्थल से हटना पड़ा। दीपके ने प्रदर्शनकारियों से माफी मांगते हुए कहा कि वह कुछ घंटों के लिए आराम करेंगे। उन्होंने बताया कि उन्हें बुखार है और शरीर में तेज दर्द महसूस हो रहा है। इससे पहले भी उनकी तबीयत खराब होने के संकेत मिले थे। मंगलवार रात उन्हें उल्टी करते हुए देखा गया था। वहीं, मंच पर संबोधन के दौरान एक बार उन्हें चक्कर आने की बात भी सामने आई थी।

दिल्ली मेट्रो स्टेशन बंद पर अभिजीत दीपके का हमला
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) द्वारा आज (23 जुलाई) भी सुरक्षा कारणों से 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने के फैसले पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke) ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया और मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “मोदी पूरी दिल्ली बंद करने को तैयार हैं, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान को हटाने को नहीं।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंदोलन को रोकने के लिए सख्त कदम उठा रही है, लेकिन प्रदर्शनकारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रही।

डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा
दिल्ली सरकार ने सरकारी सेवाओं को पहले से अधिक तेज, सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम के तहत उपलब्ध 84 सरकारी सेवाओं की प्रोसेसिंग अवधि (प्रोसेसिंग टाइम) कम करने का फैसला किया है। सरकार का उद्देश्य है कि नागरिकों और कारोबारियों को सरकारी कामकाज के लिए कम इंतजार करना पड़े और अधिक से अधिक सेवाएं समयबद्ध, ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जा सकें। इस फैसले से विभिन्न विभागों से जुड़ी सेवाओं के निपटारे में तेजी आएगी। साथ ही आवेदन प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाकर लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत भी कम होगी।

CJP आंदोलन में विदेशी फंडिंग के आरोप
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन लगातार जारी है। इस बीच आंदोलन को लेकर विदेशी फंडिंग के आरोपों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। मामले में दायर जनहित याचिका (PIL) पर दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने सुनवाई करने पर सहमति जताई है। याचिका में 20 जुलाई को हुए संसद मार्च और CJP के आंदोलन की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जांच कराने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि आंदोलन के लिए विदेशी फंडिंग की आशंका है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। दिल्ली हाई कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को निर्धारित की है। सुनवाई के दौरान अदालत याचिका में उठाए गए आरोपों और जांच की मांग पर पक्षकारों की दलीलें सुनेगी।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद होने पर CJI सूर्यकांत की टिप्पणी: जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में प्रदर्शनकारियों की बढ़ती भीड़ तथा सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशनों की एंट्री और एग्जिट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। इस फैसले पर अब सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) स्टेशनों को बंद किए जाने के मुद्दे पर सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत (Surya Kant) ने टिप्पणी करते हुए कहा कि “अगर लंच के समय तक कुछ नहीं हुआ, तो हम इस मामले में दखल देंगे।” (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली हाईकोर्ट परिसर में कुत्तों के घूमने पर अदालत सख्त: दिल्ली हाई कोर्ट ने शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य संवेदनशील स्थानों से आवारा कुत्तों को हटाने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन की निगरानी को लेकर स्वतः संज्ञान लिया है। मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने इस मुद्दे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली में कुत्ता प्रेमियों और कुत्ता विरोधियों के बीच तीखी बहस चल रही है, जिससे आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। (पढ़े पूरी खबर)
फेक पोस्टों पर दिल्ली पुलिस सख्त: सीजेपी के प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फर्जी और भ्रामक सूचनाओं को लेकर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस का कहना है कि आंदोलन से जुड़े कई भ्रामक पोस्ट, वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनकी निगरानी की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को 15 से अधिक फेक न्यूज (Fake News) और भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट का खंडन किया। इसके साथ ही पुलिस की साइबर और खुफिया टीमें सैकड़ों वायरल वीडियो और ऑडियो के स्रोतों का पता लगाने में जुटी हैं, ताकि अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जा सके। (पढ़े पूरी खबर)
जंतर-मंतर हिंसा पर अभिजीत दीपके ने CJP का किया बचाव: नई दिल्ली। जंतर-मंतर के पास बुधवार रात हुए पथराव और बवाल के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke) ने इस घटना से अपने समर्थकों का संबंध होने से इनकार किया है। उन्होंने पथराव की घटना में CJP कार्यकर्ताओं की भूमिका को खारिज करते हुए आरोपों का ठीकरा भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर फोड़ने की कोशिश की। गुरुवार सुबह मीडिया से बातचीत में दीपके ने दावा किया कि जैसे-जैसे आंदोलन को समर्थन मिल रहा है, उसे बदनाम करने की कोशिशें भी तेज हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “आंदोलन को बड़ा होते देख भाजपा अपने गुंडों को भेज रही है।” (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


