Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (17 अगस्त 2026) की खबरों में वंदे मातरम् विवाद: राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत, PM मोदी के बयान पर अरविंद केजरीवाल का पलटवार, अवध ओझा ने की RSS की तारीफ, दिल्ली में ड्रोन-सेमीकंडक्टर सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा प्रमुख रहा।

वंदे मातरम् विवाद: राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत
‘वंदे मातरम’ को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब कानूनी शिकायत तक पहुंच गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में 15 अगस्त को नई दिल्ली स्थित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम’ के गायन में कथित तौर पर बाधा डालने का आरोप लगाया गया है।

PM मोदी के बयान पर अरविंद केजरीवाल का पलटवार
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के ‘दिमागी नक्सल’ (Urban Naxal) वाले बयान पर पलटवार किया है। केजरीवाल ने खुद को भी ‘दिमागी नक्सल’ बताते हुए कहा कि अगर सवाल पूछना, व्यवस्था में बदलाव की मांग करना और देशभक्ति की बात करना इस श्रेणी में आता है, तो वह भी ‘दिमागी नक्सल’ हैं।

अवध ओझा ने की RSS की तारीफ
मशहूर कोचिंग शिक्षक और आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व नेता अवध ओझा (Awadh Ojha) ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तारीफ करते हुए अपने राजनीतिक सफर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के टिकट पर ही चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन जिस सीट से वह चुनाव लड़ना चाहते थे, उसे लेकर सहमति नहीं बन पाई। RSS की पत्रिका पाञ्चजन्य के एक कार्यक्रम में शामिल हुए अवध ओझा ने 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान संघ की भूमिका का जिक्र करते हुए RSS की सराहना की। उन्होंने कहा कि उस दौर में RSS ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

दिल्ली में ड्रोन-सेमीकंडक्टर सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा
दिल्ली की रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) सरकार राजधानी में नई तकनीक और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में दो अहम नीतियां लागू करने की तैयारी कर रही है। सरकार की योजना सितंबर तक ड्रोन और सेमीकंडक्टर पॉलिसी (semiconductor Policy) लागू करने की है। दोनों नीतियों के ड्राफ्ट जल्द ही मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास भेजे जा सकते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन नीतियों का उद्देश्य दिल्ली में नई तकनीक से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करना और निवेश आकर्षित करना है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली हाई कोर्ट का मेटा को निर्देश: दिल्ली हाई कोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा को निर्देश दिया है कि वह स्टॉक मार्केट सलाहकार आकांक्षा गुप्ता के Instagram अकाउंट को बंद करने और अन्य सोशल मीडिया खातों पर लगाई गई पाबंदियों के आधार अदालत के सामने पेश करे। हालांकि, कोर्ट ने फिलहाल गुप्ता को किसी तरह की अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है। मामले की अगली सुनवाई अक्टूबर में होगी। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में दबोचा गया दाऊद का पूर्व सहयोगी अख्तर मर्चेंट: मुंबई के वांटेड अपराधी अख्तर मर्चेंट को दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया है। अख्तर का नाम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पूर्व सहयोगी के तौर पर सामने आता रहा है। उसके खिलाफ हत्या की कोशिश, रंगदारी, आपराधिक साजिश और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस (Red Corner Notice) भी जारी किया था। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कैमरा एक्शन: दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के लिए सतर्क होने का समय है। अगर आप बिना हेलमेट बाइक चला रहे हैं, बिना सीट बेल्ट कार चला रहे हैं या बिना इंडिकेटर दिए वाहन मोड़ रहे हैं तो अब कार्रवाई से बचना मुश्किल होगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की 125 नए ओएसवीडी (OSVD) कैमरों के जरिए सड़क पर नियम तोड़ने वालों पर नजर रखी जा रही है। इन कैमरों के जरिए सड़कों पर होने वाले ट्रैफिक उल्लंघनों की निगरानी की जा रही है। कैमरों की मदद से बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट ड्राइविंग करने और गलत तरीके से टर्न लेने जैसे उल्लंघनों को रिकॉर्ड किया जा सकता है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में बनेंगे मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब: दिल्ली में यात्रियों की राह आसान करने और लास्ट माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी है। ड्राफ्ट मास्टर प्लान ऑफ दिल्ली (MPDD)-2047 में राजधानी में 3 प्रमुख स्थानों को मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब (MMTH) के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इससे सार्वजनिक परिवहन के अलग-अलग साधनों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। (पढ़े पूरी खबर)
MCD सफाई कर्मचारी की हत्या: दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में रविवार सुबह दिल्ली नगर निगम (MCD) के एक कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। वारदात से नाराज सफाई कर्मचारियों ने धरना देकर आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर दिल्ली सफाई कर्मचारी यूनियन ने बड़ा फैसला लिया है। यूनियन ने ऐलान किया है कि सोमवार से कचरा उठाने वाले छोटे वाहन यानी ऑटो-टिपर सड़कों पर नहीं उतारे जाएंगे। यूनियन का कहना है कि कर्मचारी की हत्या के बाद सफाई कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल है और प्रशासन को उनकी सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


