Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (11अगस्त 2026) की खबरों में दिल्ली सरकार ने खत्म की बेड एंड ब्रेकफास्ट पॉलिसी, पुलिस ने जारी किए 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर, दिल्ली में MSME सेक्टर को मिली नई रफ्तार, गांजा पीकर फ्लाइट उड़ा रहा था एअर इंडिया की पायलट प्रमुख रहा।

दिल्ली सरकार ने खत्म की बेड एंड ब्रेकफास्ट पॉलिसी
राजधानी दिल्ली में लगभग दो दशक से लागू बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) पॉलिसी को दिल्ली सरकार ने समाप्त कर दिया है। सरकार का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था को खत्म कर जल्द ही नई और अधिक प्रभावी नीति लागू की जाएगी, जिसमें सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया जाएगा। दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि पुरानी बेड एंड ब्रेकफास्ट पॉलिसी को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। इसके स्थान पर जल्द नई नीति लाई जाएगी, जो मौजूदा जरूरतों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप होगी।

पुलिस ने जारी किए 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर
स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) के मद्देनजर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। संभावित आतंकी खतरे को देखते हुए पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस अड्डों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों (most-wanted terrorist) के पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों के माध्यम से आम लोगों से अपील की गई है कि यदि इन व्यक्तियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी, पुलिस स्टेशन या संबंधित सुरक्षा एजेंसी को सूचित करें।

दिल्ली में MSME सेक्टर को मिली नई रफ्तार
दिल्ली में सरकारी खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल रहा है। सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) के प्रभावी उपयोग से अब छोटे कारोबारियों, स्टार्टअप्स और उद्यमियों के लिए सरकारी खरीद प्रणाली से जुड़ना पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो गया है। पहले सरकारी खरीद से जुड़ी प्रक्रियाएं छोटे कारोबारियों के लिए काफी जटिल और समय लेने वाली मानी जाती थीं।

गांजा पीकर फ्लाइट उड़ा रहा था एअर इंडिया की पायलट
फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में 300 फीट के अचानक ड्रॉप और यात्रियों के घायल होने के मामले में नया और गंभीर मोड़ सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, उड़ान के पायलट-इन-कमांड का दूसरा डोप टेस्ट भी पॉजिटिव पाया गया है। रिपोर्ट में मारिजुआना यानी गांजा सेवन की पुष्टि होने की बात कही जा रही है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
16 अगस्त से बंद होगी गुलाबी टिकट: राजधानी दिल्ली में महिलाओं के लिए DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि 16 अगस्त से केवल वही महिलाएं DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी, जिनके पास वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (Pink Saheli Card) होगा। अब तक महिलाओं को बसों में पिंक टिकट के जरिए मुफ्त यात्रा की सुविधा मिल रही थी, लेकिन सरकार की नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह सुविधा केवल स्मार्ट कार्ड धारकों तक सीमित हो जाएगी। जिन महिलाओं के पास पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उन्हें बस में यात्रा के लिए निर्धारित किराया देकर टिकट खरीदना होगा। (पढ़े पूरी खबर)
CAG रिपोर्ट में चौंकाने वाला दावा: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने दिल्ली विधानसभा (Delhi Assembly) में वित्तीय वर्ष 2024-25 से संबंधित नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली सरकार के खर्च के स्वरूप में राजस्व व्यय (Revenue Expenditure) का हिस्सा काफी अधिक रहा, जिसका असर पूंजीगत निवेश (Capital Investment) पर पड़ा। CAG की रिपोर्ट के अनुसार, सब्सिडी और अन्य निर्धारित खर्चों में बढ़ोतरी के कारण पूंजीगत व्यय में लगातार वृद्धि होने के बजाय गिरावट का रुझान देखा गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान दिल्ली सरकार के कुल व्यय में राजस्व व्यय की हिस्सेदारी 88.38 % रही। (पढ़े पूरी खबर)
लड़कियों के पहनावे पर टिप्पणी को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट सख्त: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने एक महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा है कि किसी महिला के कपड़ों की पसंद को आधार बनाकर उसके चरित्र पर सवाल उठाना या जिरह के दौरान उसके खिलाफ आरोप लगाना स्वीकार्य नहीं है। अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति की गरिमा और अधिकारों का मूल्यांकन उसके पहनावे से नहीं किया जा सकता। न्यायमूर्ति चंद्रशेखरन सुधा ने वर्ष 2013 में एक युवती के साथ यौन उत्पीड़न (Sexual harassment) के मामले में एक आरोपी को दोषी ठहराते हुए यह टिप्पणी की। (पढ़े पूरी खबर)
कूड़ा प्रबंधन और आवारा पशुओं के मुद्दे पर विधानसभा स्पीकर सख्त: दिल्ली की सड़कों पर कूड़ा प्रबंधन और आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को लेकर विधानसभा में उठी चिंताओं के बाद विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता (Vijendra Gupta) ने दोनों मामलों को MCD संबंधी विशेष समिति को भेज दिया है। सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही के दौरान विभिन्न विधायकों ने राजधानी में कूड़े के निस्तारण और आवारा पशुओं से जुड़ी नागरिक समस्याओं का मुद्दा उठाया। इस पर संज्ञान लेते हुए स्पीकर ने मामले की विस्तृत समीक्षा के लिए इसे समिति के पास भेजने का निर्देश दिया। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली की हर महिला को ₹2500 क्यों नहीं मिल सकते?: दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी दिल्ली लक्ष्मी योजना (Delhi Laxmi Yojna) के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने की तैयारी चल रही है। हालांकि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने स्पष्ट किया है कि इस योजना का लाभ राजधानी की सभी महिलाओं को नहीं मिलेगा, बल्कि निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाली महिलाओं को ही इसका फायदा दिया जाएगा। दिल्ली विधानसभा में योजना पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन सार्वजनिक धन का उपयोग जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि योजना को लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए पात्रता संबंधी शर्तें तय की गई हैं। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली चिड़ियाघर में लौटेंगे जेब्रा और जिराफ: दिल्ली के राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में आने वाले दिनों में पर्यटकों और खासकर बच्चों को फिर से जेब्रा और जिराफ देखने का मौका मिल सकता है। करीब 15 साल बाद जेब्रा और 11 साल बाद जिराफ की वापसी की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही चिड़ियाघर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए दुर्लभ वन्यजीवों का नया संसार बसाने की योजना पर काम किया जा रहा है। नई योजना के तहत चिड़ियाघर में कई नई इमारतों और आधुनिक बाड़ों का निर्माण किया जाएगा, ताकि विभिन्न प्रजातियों के जानवरों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


