Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (23 अप्रैल 2026) की खबरों में राघव चड्ढा- आप के दो तिहाई सांसद भी बीजेपी में होंगे शामिल, पश्चिम बंगाल में बंपर वोटिंग पर अरविंद केजरीवाल का बयान, दिल्ली की 1511 अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए आवेदन शुरू, अरविंद केजरीवाल का नया पता, सज्जन कुमार को जमानत नहीं प्रमुख रहा।

राघव चड्ढा- आप के दो तिहाई सांसद भी बीजेपी में शामिल होंगे
राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी यानी आप (AAP) छोड़ने का ऐलान कर दिया है। आप पार्टी छोड़ने के साथ ही राघव चड्ढा ने बीजेपी में शामिल करने का भी ऐलान किया है। राघव चड्ढा ने संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया। साथ ही राघव ने आप की दो तिहाई सांसदों (10 में से 7 सांसद) के बीजेपी में शामिल होने का दावा किया है। इनमें स्वाती मालिवाल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी, संदीप पाठक, राजेंद्र गुप्ता का नाम शामिल है।

पश्चिम बंगाल में बंपर वोटिंग पर अरविंद केजरीवाल का बयान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में भारी मतदान की रिपोर्ट्स सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। इस पर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर चर्चा में है। उन्होंने अपने पोस्ट में दावा किया कि पश्चिम बंगाल में “SIR के खिलाफ जमकर वोटिंग” हो रही है। अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि “मोदी जी का SIR उनके ही खिलाफ जा रहा है”, जिससे उन्होंने चुनावी माहौल और मतदान के रुझानों पर राजनीतिक टिप्पणी की।

दिल्ली की 1511 अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए आवेदन शुरू
दिल्ली में अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए MCD ने बड़ा कदम उठाया है। आज से MCD के स्वागम पोर्टल पर नियमितीकरण प्रमाणपत्र के लिए आवेदन शुरू हो रहे हैं। प्रारंभिक चरण में लगभग 40,000 निवासी आवेदन कर सकेंगे, जिन्हें पहले ही पीएम उदय योजना (PM-UDAY Scheme) के तहत स्वामित्व अधिकार मिल चुके हैं। यह प्रक्रिया उन लोगों के लिए राहत भरी मानी जा रही है, जो लंबे समय से अपनी संपत्तियों के वैध दस्तावेजों का इंतजार कर रहे थे। निगम ने नागरिकों की सुविधा के लिए अपने सभी 12 जोन कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित करने का निर्णय लिया है। इन हेल्प डेस्क के माध्यम से लोग नियमितीकरण से जुड़ी जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।

अरविंद केजरीवाल का नया पता
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) का दिल्ली में पता बदल गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक को केंद्र सरकार की ओर से राजधानी में नया सरकारी बंगला आवंटित किया गया है, जहां वे शिफ्ट हो चुके हैं। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद केजरीवाल ने अपना आधिकारिक आवास खाली कर दिया था। उस बंगले को लेकर BJP लगातार ‘शीशमहल’ कहकर राजनीतिक हमला करती रही थी। आवास खाली करने के बाद केजरीवाल कुछ समय तक पार्टी के एक सांसद के घर पर रह रहे थे। अब नए बंगले में शिफ्ट होने के साथ ही उनका स्थायी ठिकाना बदल गया है।

सज्जन कुमार को जमानत नहीं
सज्जन कुमार (Sajjan Kumar) से जुड़े 1984 सिख विरोधी दंगों (Anti-Sikh Riots) के मामले में सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court )ने उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया है। सुनवाई के दौरान सज्जन कुमार की ओर से दलील दी गई कि वे पिछले 7 साल 4 महीने से जेल में बंद हैं, और उनकी पत्नी गंभीर रूप से बीमार हैं तथा चल-फिर नहीं सकतीं। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी पत्नी से मिलने तक नहीं जा पाए हैं।इसके बावजूद अदालत ने जमानत देने से इनकार कर दिया और मामले की अगली सुनवाई जुलाई महीने में तय की है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली दंगा 2020 मामला: दिल्ली हाई कोर्ट ने 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में कांग्रेस की पूर्व पार्षद इशरत जहां को दी गई जमानत को चुनौती देने वाली दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की याचिका को खारिज कर दिया है। यह मामला 2020 दिल्ली दंगा (Delhi Riots) से संबंधित है, जिसकी सुनवाई जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस रविंदर दुदेजा की डिवीजन बेंच ने की। पुलिस ने स्पेशल कोर्ट के जमानत आदेश को चुनौती दी थी मामला हाई कोर्ट में पुनर्विचार के लिए लाया गया था। सुनवाई के बाद अदालत ने पुलिस की अर्जी खारिज कर दी इस फैसले के साथ स्पेशल कोर्ट द्वारा दी गई जमानत बरकरार रह गई है। (पढ़े पूरी खबर)
उत्तम नगर होली हिंसा मामला: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने 27 वर्षीय तरुण बुटोलिया के परिवार को पुलिस सुरक्षा देने का आदेश जारी किया है। यह मामला उत्तम नगर में इस साल होली के दौरान हुई हिंसक झड़प से जुड़ा है, जिसमें तरुण की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत होली उत्सव के दौरान हुई थी, जब एक परिवार की लड़की द्वारा फेंका गया पानी का गुब्बारा दूसरे समुदाय की एक महिला पर गिर गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बढ़ा और स्थिति हिंसक झड़प में बदल गई। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अदालत ने तरुण के परिवार की सुरक्षा को लेकर यह निर्देश दिया, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचाव सुनिश्चित किया जा सके। (पढ़े पूरी खबर)
कातिल राहुल मीणा को लेकर चौंकाने वाले खुलासे: दिल्ली के अमर कॉलोनी में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी राहुल मीणा को लेकर नए खुलासे सामने आए हैं। शुरुआती जांच में यह मामला सिर्फ एक जघन्य अपराध नहीं, बल्कि एक ऐसी लत की कहानी बनकर उभरा है जिसने आरोपी की जिंदगी को गलत दिशा में मोड़ दिया। राहुल मीणा पढ़ा-लिखा युवक था, लेकिन धीरे-धीरे वह ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की लत का शिकार हो गया। इस लत ने उसे आर्थिक और मानसिक रूप से अस्थिर कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने पैसे के लिए अपनी मार्कशीट तक गिरवी रख दी। इसके बाद वह ऑनलाइन गेमिंग में शामिल हुआ, जहां एक बार उसने करीब 5 लाख रुपये जीत भी लिए। हालांकि, इस जीत ने उसकी लत को और बढ़ा दिया और वह लगातार इस चक्र में फंसता चला गया। (पढ़े पूरी खबर)
मानसून से पहले दिल्ली सरकार अलर्ट; दिल्ली में मानसून को देखते हुए सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (Irrigation and Flood Control Department) ने अपनी तैयारियों को तेज़ कर दिया है। शहर में जलभराव और शहरी बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए प्रमुख नालों की डी-सिल्टिंग का काम तेजी से किया जा रहा है। विभाग के अनुसार, अब तक कुल लक्ष्य का 57% से अधिक कार्य पूरा किया जा चुका है। यह अभियान हर साल बारिश के दौरान सड़कों और कॉलोनियों में होने वाले जलभराव को कम करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में LPG कालाबाजारी का बड़ा खुलासा: दिल्ली में क्राइम ब्रांच ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। मंगोलपुरी और जहांगीरपुरी इलाकों में छापेमारी के दौरान पुलिस ने गैस सिलेंडर की अवैध सप्लाई से जुड़े दो अलग-अलग गिरोहों का खुलासा किया। इस कार्रवाई में 5 डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से कुल 104 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार ये आरोपी घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध तरीके से जमा कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचते थे, जिससे बाजार में सप्लाई प्रभावित हो रही थी। जांच अभी जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

