Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (12 अगस्त 2026) की खबरों में दिल्ली में 500 सरकारी सेवाओं की टाइम लिमिट तय, CM रेखा गुप्ता ने लॉन्च किए 4 स्पिरिचुअल-हेरिटेज सर्किट, NEET आंदोलन के बाद अभिजीत दीपके का नया मिशन, DDA मास्टर प्लान 2047 को मिली मंजूरी प्रमुख रहा।

दिल्ली में 500 सरकारी सेवाओं की टाइम लिमिट तय
दिल्ली की जनता को अब सरकारी सेवाओं के लिए लंबे इंतजार का सामना नहीं करना पड़ेगा। दिल्ली विधानसभा (Delhi Assembly) के मॉनसून सत्र (Monsoon Session) में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण विधेयक पारित किया गया, जिसके तहत 500 से अधिक सरकारी सेवाएं तय समयसीमा के भीतर उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। सेवा देने में देरी होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उस पर जुर्माना भी लगाया जा सकेगा। नए कानून के तहत यदि किसी नागरिक को निर्धारित समय में सेवा नहीं मिलती है, तो उसकी शिकायत स्वतः ही उच्च अधिकारियों तक पहुंच जाएगी। इससे शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया तेज होगी और अधिकारियों की जवाबदेही भी बढ़ेगी।

CM रेखा गुप्ता ने लॉन्च किए 4 स्पिरिचुअल-हेरिटेज सर्किट
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने अक्षरधाम मंदिर में आयोजित स्पिरिचुअल एंड हेरिटेज टूरिज्म कॉन्क्लेव-2026 में भाग लिया। “दिल्ली: द कैपिटल ऑफ स्पिरिचुअलिटी, हेरिटेज एंड एक्सपीरियंसेज” थीम पर आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य राजधानी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को एकीकृत पर्यटन अनुभव के रूप में देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने दिल्ली के 4 नए स्पिरिचुअल और हेरिटेज टूरिज्म सर्किट्स (Spiritual-heritage circuits) का शुभारंभ किया। सरकार का मानना है कि इन सर्किट्स के माध्यम से दिल्ली को केवल ट्रांजिट सिटी नहीं, बल्कि एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य यानी “डेस्टिनेशन सिटी” के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

NEET आंदोलन के बाद अभिजीत दीपके का नया मिशन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke) ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर चलाए गए अभियान के बाद अब देशभर के सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार के लिए नया अभियान शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त से देशव्यापी स्तर पर ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान (Fix the School campaign) शुरू किया जाएगा। सोशल मीडिया के जरिए अभियान की घोषणा करते हुए दीपके ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी ग्रामीण भारत के लाखों बच्चे स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी देश की प्रगति का आधार होती है, लेकिन कई सरकारी स्कूल आज भी मूलभूत संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं।

DDA मास्टर प्लान 2047 को मिली मंजूरी
दिल्ली के भविष्य के विकास की दिशा तय करने वाले मास्टर प्लान 2047 को दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की बुधवार को हुई बोर्ड बैठक में मंजूरी मिल गई है। लंबे समय से व्यापारी, किसान, डेवलपर्स और अन्य हितधारक इस नए मास्टर प्लान को लागू करने और अधिसूचित करने की मांग कर रहे थे। नए मास्टर प्लान में राजधानी के सुनियोजित विकास, आवासीय विस्तार, परिवहन नेटवर्क और शहरी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
2025 तक बनी झुग्गियों के पुनर्वास का रास्ता साफ: दिल्ली की हजारों झुग्गियों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दिल्ली विधानसभा (Delhi Assembly) ने मंगलवार को डूसिब (संशोधन) विधेयक-2026 को पारित कर दिया, जिससे राजधानी में वर्ष 2025 तक बनी झुग्गियों के निवासियों के पुनर्वास का रास्ता साफ हो गया है। विधानसभा में विधेयक पर चर्चा के दौरान शहरी विकास मंत्री आशीष सूद (Ashish Sood) ने स्पष्ट किया कि इस संशोधन का लाभ केवल उन्हीं झुग्गी निवासियों को मिलेगा, जिनकी झुग्गियां 1 जनवरी 2025 से पहले बनी हुई हैं। (पढ़े पूरी खबर)
साईं बाबा ट्रस्ट के खिलाफ ऑनलाइन कंटेंट पर HC का आदेश: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने शिकायत अपीलीय समिति (GAC) को 7 दिनों के भीतर एक महत्वपूर्ण अपील पर निर्णय लेने का निर्देश दिया। यह अपील शिर्डी के श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट (Sai Baba Trust) की ओर से दायर की गई है, जिसमें साईं बाबा और ट्रस्ट के खिलाफ कथित रूप से झूठे, मानहानिपूर्ण, भड़काऊ और अपमानजनक आरोप लगाने वाले यूट्यूब वीडियो तथा अन्य ऑनलाइन कंटेंट को लेकर आपत्ति जताई गई है। मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष सावधानी बरती। (पढ़े पूरी खबर)
अंकित शर्मा हत्याकांड: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान खुफिया ब्यूरो (IB) के कर्मचारी अंकित शर्मा (Ankit Sharma) की हत्या के मामले में 6 आरोपियों को बरी किए जाने के निचली अदालत के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है। मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने बरी किए गए सभी 6 आरोपियों को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 2 दिसंबर की तारीख तय की है। दिल्ली पुलिस ने अपनी याचिका में निचली अदालत के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें पर्याप्त साक्ष्य न होने के आधार पर छह आरोपियों को बरी कर दिया गया था। (पढ़े पूरी खबर)
15 अगस्त से पहले दिल्ली में ट्रैफिक पर ब्रेक: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। समारोह की तैयारियों के तहत 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल भी आयोजित की जाएगी। इन दोनों आयोजनों को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने लाल किला और आसपास के क्षेत्रों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त और 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से 10 बजे तक लाल किले के आसपास की कई प्रमुख सड़कों पर आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। सुरक्षा कारणों और समारोह में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। (पढ़े पूरी खबर)
स्वतंत्रता दिवस समारोह पर ऑनलाइन टिकट बुकिंग की पूरी प्रक्रिया: Independence Day 2026: 15 अगस्त 2026 को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इस अवसर पर राजधानी दिल्ली में लाल किले से आयोजित होने वाला मुख्य समारोह हर साल की तरह इस बार भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों के जरिए आजादी का उत्सव मनाया जाएगा। यदि आप भी लाल किले (Red Fort) से स्वतंत्रता दिवस समारोह को प्रत्यक्ष रूप से देखने की योजना बना रहे हैं, तो इसके लिए पहले से सीट बुक करना जरूरी है। सीमित सीटों के कारण प्रवेश केवल पूर्व पंजीकरण और निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से ही दिया जाता है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली-पुणे उड़ान में AC विवाद: दिल्ली से पुणे (Delhi-Pune flight) जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 105 में टेकऑफ से पहले तकनीकी समस्या आने के बाद यात्रियों के हंगामे का मामला सामने आया था। अब इस घटना पर स्पाइसजेट (SpiceJet) की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि 11 अगस्त 2026 को स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 105 को दिल्ली से पुणे के लिए रवाना होना था। उड़ान भरने से ठीक पहले विमान में तकनीकी खराबी का पता चला, जिसके बाद सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


