Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (09 जुलाई 2026) की खबरों में CM रेखा गुप्ता ने ‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ पर जारी किए सख्त निर्देश, हर मकान और जमीन का बनेगा ‘डूपिक कार्ड’, जंतर-मंतर पर अनशन के बीच सोनम वांगचुक का ऐलान, दिल्ली में स्कूलों के बाहर सिगरेट-गुटखा बेचने पर रोक प्रमुख रहा।

CM रेखा गुप्ता ने ‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ पर जारी किए सख्त निर्देश
दिल्ली सरकार ने प्रॉपर्टी लेन-देन में पारदर्शिता लाने और स्टाम्प ड्यूटी (Stamp Duty) चोरी पर रोक लगाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने ‘जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी’ (Power of Attorney) GPAदस्तावेजों के इस्तेमाल की सघन जांच के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य संपत्ति सौदों में होने वाली अनियमितताओं और फर्जीवाड़े पर प्रभावी अंकुश लगाना है। नए निर्देशों के तहत अब खून के रिश्तों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के पक्ष में बनाई गई हर ‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ को रजिस्टर करने से पहले स्टाम्प कलेक्टर की जांच से गुजरना होगा। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि GPA का इस्तेमाल वास्तविक संपत्ति बिक्री को छिपाने या स्टाम्प ड्यूटी से बचने के लिए तो नहीं किया जा रहा है।

दिल्ली के हर मकान और जमीन का बनेगा ‘डूपिक कार्ड’
राजधानी दिल्ली में संपत्तियों की पहचान और रिकॉर्ड को डिजिटल बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार सभी मकानों, फ्लैटों और भूमि के लिए डूपिक (Delhi Urban Property Identity Card) लागू करने के उद्देश्य से नया कानून तैयार कर रही है। प्रस्तावित एक्ट के तहत प्रत्येक संपत्ति मालिक को आधार कार्ड की तर्ज पर एक डूपिक कार्ड (Dupic Card) जारी किया जाएगा। इस कार्ड में एक QR कोड होगा, जिसे स्कैन करने पर संबंधित मकान, फ्लैट या भूमि से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। सरकार के अनुसार, राजस्व विभाग के माध्यम से इन संपत्तियों से संबंधित सीमित और अधिकृत जानकारी DDA, MCD, NDMC, बिजली वितरण कंपनियों, दिल्ली जल बोर्ड, बैंकों और अदालतों को भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे विभिन्न विभागों के बीच रिकॉर्ड का बेहतर समन्वय होगा और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन आसान हो सकेगा।

जंतर-मंतर पर अनशन के बीच सोनम वांगचुक का ऐलान
दिल्ली में जारी आंदोलन के बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील की है कि वे संसद के मानसून सत्र के पहले दिन इस मार्च में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचें। जानकारी के अनुसार, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का अनशन 19वें दिन में प्रवेश कर चुका है, जबकि सोनम वांगचुक का अनशन 11वें दिन जारी है। उनके सहयोगियों के अनुसार, अनशन के दौरान उनका वजन करीब 7 किलोग्राम कम हो गया है। वांगचुक ने अपने संदेश में कहा कि यह मार्च शांतिपूर्ण रहेगा और लोगों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की।

दिल्ली में स्कूलों के बाहर सिगरेट-गुटखा बेचने पर रोक
राजधानी दिल्ली में अब स्कूलों के बाहर सिगरेट, गुटखा, पान मसाला और किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए स्कूलों के बाहर स्ट्रीट वेंडरों द्वारा ऐसे उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि स्कूली बच्चों की तंबाकू उत्पादों तक आसान पहुंच रोकी जा सके और उनके स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ न हो।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली में बढ़ेगा EV चार्जिंग नेटवर्क: राजधानी में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार व्यापक और विश्वसनीय चार्जिंग नेटवर्क विकसित करने की तैयारी में है। बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे लोगों को उनके घरों और कार्यस्थलों के आसपास आसानी से चार्जिंग की सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए दिल्ली मेट्रो की पार्किंग, MCD के पार्किंग स्थल, मेट्रो के एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे उपलब्ध खाली स्थान, डीडीए बाजारों के आसपास, प्रमुख मॉल, रेलवे स्टेशनों के बाहर, सरकारी परिसरों और बड़े व्यावसायिक क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जाए। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली मेट्रो फेज-4 को रफ्तार: राजधानी में दिल्ली मेट्रो फेज-4 के तहत एक और महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta)सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन परिसर में इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो कॉरिडोर (Indralok-Indraprastha Metro Corridor) का शिलान्यास करेंगी। यह नया मेट्रो कॉरिडोर घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरेगा, जिससे मध्य दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और पुरानी दिल्ली के बीच मेट्रो संपर्क और मजबूत होगा। (पढ़े पूरी खबर)
Delhi Traffic Advisory: राजधानी दिल्ली में भारी बारिश के बाद ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो गई है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी (Delhi Traffic advisory) जारी की है, खासकर गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले यात्रियों के लिए। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, लगातार बारिश के कारण नेशनल हाईवे-24 (NH-24) पर कई स्थानों पर जलभराव हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और ट्रैफिक धीमी गति से चल रहा है। (पढ़े पूरी खबर)
LG संधू की समीक्षा के बाद DDA ने आवंटित की जमीन: दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार टी.एस. संधू (T.S. Sandhu) की नियमित समीक्षा और निर्देशों के बाद दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन की लंबे समय से लंबित फाइलों का निपटारा कर दिया है। इससे राजधानी में रुकी हुई कई विकास परियोजनाओं का रास्ता साफ हो गया है। जानकारी के अनुसार, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण भूमि आवंटन से संबंधित कई फाइलें लंबे समय से लंबित थीं, जिसके चलते कई सार्वजनिक परियोजनाएं आगे नहीं बढ़ पा रही थीं। उपराज्यपाल की समीक्षा के बाद इन मामलों में प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित किया गया और लंबित प्रस्तावों का निस्तारण किया गया। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम: राजधानी दिल्ली को दहलाने की कथित साजिश का पर्दाफाश करने वाली दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की स्पेशल सेल की जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, दिल्ली और पंजाब से गिरफ्तार पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी (Shahzad Bhatti) के नेटवर्क से जुड़े 6 संदिग्धों ने पूछताछ में बताया है कि उनके निशाने पर न्यू पुलिस लाइंस, आनंद विहार टर्मिनल और एक रेलवे स्टेशन था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों ने इन स्थानों की पहले से रेकी भी की थी। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

