दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (11 जून 2026) की खबरों में गुरु रंधावा के जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, निजी स्कूल शिक्षकों को भी मिलेगा चाइल्ड केयर लीव का अधिकार, दिल्ली में दिनदहाड़े डेढ़ करोड़ की लूट, दिल्ली एयरपोर्ट पर 2.43 करोड़ का संदिग्ध गांजा बरामद प्रमुख रहा।

गुरु रंधावा के जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग
राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा (Guru Randhawa) के जिम के बाहर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल कड़ा कर दिया गया। हमलावरों ने जिम के बाहर कई राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

निजी स्कूल शिक्षकों को भी मिलेगा चाइल्ड केयर लीव का अधिकार
दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने एक ऐतिहासिक फैसले में न केवल राजधानी बल्कि देशभर के निजी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए चाइल्ड केयर लीव ( child care leave) का रास्ता खोल दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि सरकारी शिक्षकों की तरह निजी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षक भी अपने बच्चों की देखभाल के लिए विशेष अवकाश पाने के हकदार हैं। मुख्य न्यायाधीश देवेन्द्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ ने एक शिक्षिका की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। अदालत ने कहा कि बच्चों की देखभाल और उनके हितों की रक्षा के उद्देश्य से दी जाने वाली चाइल्ड केयर लीव का लाभ केवल सरकारी शिक्षकों तक सीमित नहीं रखा जा सकता।

दिल्ली में दिनदहाड़े डेढ़ करोड़ की लूट
राजधानी दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े डेढ़ करोड़ रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्टल के बल पर एक रियल एस्टेट फर्म के कैशियर से नकदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, रियल एस्टेट फर्म का कैशियर नकदी लेकर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर धमकाया और उसके पास मौजूद करीब डेढ़ करोड़ रुपये से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

दिल्ली एयरपोर्ट पर 2.43 करोड़ का संदिग्ध गांजा बरामद
दिल्ली हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई में बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान उसके पास से करीब 2.43 करोड़ रुपये मूल्य का संदिग्ध गांजा बरामद किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को यात्री के सामान की एक्स-रे जांच और विस्तृत तलाशी के दौरान यह बरामदगी हुई। उसके बैग से हरे रंग के मादक पदार्थ से भरे आठ पॉलीथीन पाउच मिले, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली में अग्निकांडों के बाद बड़ा कदम: राजधानी दिल्ली में पिछले एक महीने के भीतर हुए दो भीषण अग्निकांडों में 31 से अधिक लोगों की मौत के बाद अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इन घटनाओं के बाद अब दिल्ली फायर सर्विस (DFS) ने शहरभर की इमारतों के लिए नए और सख्त सुरक्षा मानक लागू करने की दिशा में पहल शुरू की है। जानकारी के अनुसार, विभाग ने दिल्ली सरकार को एक प्रस्ताव भेजा है, जिसमें सभी प्रकार की इमारतों आवासीय, व्यावसायिक और सार्वजनिक में स्मोक डिटेक्टर और ऑटोमैटिक स्प्रिंकलर सिस्टम को अनिवार्य करने की सिफारिश की गई है। अधिकारियों का मानना है कि यदि इन आधुनिक अग्नि सुरक्षा प्रणालियों को व्यापक स्तर पर लागू किया जाता है, तो आग लगने की घटनाओं में जानमाल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। विभाग का दावा है कि इससे अग्निकांडों में होने वाली मौतों में लगभग 97% तक कमी लाई जा सकती है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के सीलमपुर में पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति: नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला की उसके पति ने हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुप्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसके पति द्वारा किए जाने की आशंका है। घटना के बाद से आरोपी घर छोड़कर फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)
NCR का होगा बड़ा विस्तार: नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) का दायरा आने वाले वर्षों में और बड़ा होने जा रहा है। बढ़ती आबादी, शहरीकरण और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए एनसीआर प्लानिंग बोर्ड (NCRPB) ने दिल्ली के आसपास 5 से 8 नए शहर विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। यह योजना ‘रीजनल प्लान-2041’ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य दिल्ली पर बढ़ते दबाव को कम करना और संतुलित क्षेत्रीय विकास सुनिश्चित करना है। प्रस्तावित योजना के तहत विकसित किए जाने वाले नए शहरों को आधुनिक शहरी सुविधाओं, बेहतर आधारभूत ढांचे और रोजगार के अवसरों से लैस किया जाएगा। इन शहरों को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि लोगों को काम, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए दिल्ली पर अत्यधिक निर्भर न रहना पड़े। (पढ़े पूरी खबर)
आवास पोर्टल तकनीकी खामी, DDA को ब्याज सहित पैसे लौटाने का आदेश: दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के आवास पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी के कारण एक महिला डॉक्टर को अपने आवंटित फ्लैट से हाथ धोना पड़ा और जमा की गई राशि वापस पाने के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। अब उपभोक्ता आयोग ने उनके पक्ष में फैसला सुनाते हुए DDA को जमा धनराशि लौटाने का निर्देश दिया है। महिला डॉक्टर ने DDA की आवास योजना के तहत एक फ्लैट के लिए आवेदन किया था और निर्धारित राशि भी जमा कर दी थी। लेकिन पोर्टल में आई तकनीकी खामी के चलते भुगतान और आवंटन से जुड़ी प्रक्रिया में समस्या उत्पन्न हो गई। इसके परिणामस्वरूप वह फ्लैट अपने नाम पर सुरक्षित नहीं रख सकीं और आवंटन रद्द हो गया। (पढ़े पूरी खबर)
मालवीय नगर होटल अग्निकांड: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे B&B होटल में हुए भीषण अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। बुधवार को हादसे में गंभीर रूप से झुलसी एक बांग्लादेशी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या 23 पहुंच गई है। अधिकारियों के अनुसार, महिला आग लगने की घटना में गंभीर रूप से झुलस गई थी और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा था। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के बाद से कई घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। इसी क्रम में अदालत ने होटल के मालिक लवकेश बजाज (l) और होटल के अकाउंटेंट जय मिश्रा को 12 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

