Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (7 अक्टूबर 2026) की खबरों में दिल्ली में फिर भरभराकर गिरी 4 मंजिला बिल्डिंग, 10 अक्टूबर के CJP प्रदर्शन को अनुमति नहीं, दिल्ली का यह इलाका बना ‘नो-हॉकिंग’ और ‘नो-वेंडिंग’ जोन, पीएम मोदी ने सार्वजनिक जीवन में पूरे किए 25 साल प्रमुख रहा।

दिल्ली में फिर भरभराकर गिरी 4 मंजिला बिल्डिंग
दिल्ली के सीमापुरी में एक बहुमंजिला इमारत का अगला हिस्सा अचानक गिरने से हड़कंप मच गया. मलबे में करीब 15 लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है. मलबे से 2 बच्चों सहित 4 लोगों को बाहर निकाला गया है. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. आनन-फानन में बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. गौरतलब है कि पहले भी दिल्ली में बिल्डिंग गिरने के कई मामले सामने आ चुके हैं और उसमें कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है.

10 अक्टूबर के CJP प्रदर्शन को अनुमति नहीं
दिल्ली में कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर CJP की ओर से दिल्ली पुलिस (Delhi Police) को जानकारी दी गई है और पुलिस से इसका एक्नॉलेजमेंट भी मिल गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। संसद मार्ग थाने के बाहर CJP नेता सौरव दास ने कहा कि यह केवल CJP का प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि इसे Gen-Z प्रोटेस्ट के तौर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाए जाने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

दिल्ली का यह इलाका बना ‘नो-हॉकिंग’ और ‘नो-वेंडिंग’ जोन
दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने नेहरू प्लेस डिस्ट्रिक्ट सेंटर इलाके को ‘नो-हॉकिंग जोन’ और ‘नो-वेंडिंग जोन’ घोषित किया है। कोर्ट ने कहा कि 12 अक्टूबर के बाद नगर निगम (MCD) इस क्षेत्र से सभी अनधिकृत वेंडरों को हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होगा। हाई कोर्ट ने निर्देश दिया कि अनधिकृत वेंडरों को हटाने की कार्रवाई पूरी होने के बाद दिल्ली फायर सर्विस डिस्ट्रिक्ट सेंटर का निरीक्षण करे और इसकी रिपोर्ट कोर्ट के समक्ष दाखिल करे। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को भी निर्देश दिया कि आदेश के प्रभावी पालन के लिए वह MCD और DDA के साथ आवश्यक सहयोग करे।

पीएम मोदी ने सार्वजनिक जीवन में पूरे किए 25 साल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के सार्वजनिक जीवन में नेतृत्व के 25 साल पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर उन्होंने बुधवार को दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की। नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। 7 अक्टूबर 2026 को उनके नेतृत्व के 25 साल पूरे हो गए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली के नरेला में दो फैक्ट्रियां आग में खाक: दिल्ली के नरेला इलाके में बुधवार को आग लगने की अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। नरेला औद्योगिक क्षेत्र में सुबह दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं। वहीं, नरेला के एक गांव में घरेलू सिलेंडर में ब्लास्ट की एक अन्य घटना सामने आई। हादसे में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की गई। (पढ़े पूरी खबर)
जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद दिल्ली HC में PIL: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में एक जनहित याचिका (PIL) दाखिल की गई है। याचिका में केंद्र सरकार, दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को एक बाध्यकारी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करने का निर्देश देने की मांग की गई है। याचिका में कहा गया है कि भीड़ नियंत्रण और प्रदर्शन प्रबंधन की ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के लिए बॉडी-वॉर्न कैमरे (BWC) अनिवार्य किए जाएं। साथ ही, ड्यूटी के दौरान इन कैमरों को हर समय चालू रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली होटल छेड़छाड़ केस: राजधानी दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में स्थित एक फाइव-स्टार होटल की पार्किंग में 4 अक्टूबर को नागालैंड की एक महिला और उसके दोस्तों के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। महिला की शिकायत के अनुसार, वह होटल की पार्किंग में खड़ी थी, तभी तीन लोग कार से वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने महिला के साथ बदसलूकी की और उसे जबरन खींचकर अपनी कार में बैठाने की कोशिश की। महिला के दोस्तों ने जब बीच-बचाव कर उसे बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ भी मारपीट की। (पढ़े पूरी खबर)
Pink Saheli Card: राजधानी दिल्ली में DTC और परिवहन विभाग की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त सफर की सुविधा का लाभ लेने के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। दिल्ली में अब तक करीब 19.18 लाख महिलाओं के पिंक स्मार्ट कार्ड बन चुके हैं। नए नियम के तहत महिलाओं को अपना पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (Pink Saheli Card) संभालकर रखना होगा। अगर कोई महिला दो बार कार्ड खो देती है, तो उसे अगले एक साल तक नया पिंक स्मार्ट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
India Block Jantar Mantar Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त यानी सीईसी ज्ञानेश कुमार (CEC Gyanesh Kumar) को हटाने की मांग को लेकर इंडिया ब्लॉक आज फिर प्रदर्शन करेगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रे समेत विपक्षी पार्टियों (इंडिया ब्लॉक में शामिल) के सांसद जंतर मंतर पहुंच गए हैं। राहुल गांधी का जंतर-मंतर पर धरना शुरू हो गया है। राहुल-प्रियंका सहित इंडिया ब्लॉक के सांसद बस में बैठकर प्रदर्शन वाली जगह पहुंचे। राहुल ने कहा- ज्ञानेश कुमार वैध चुनाव आयुक्त नहीं है। उन्हें हटना होगा। (पढ़े पूरी खबर)
नवजातों की सेहत पर रेखा सरकार का फोकस: दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू (Taranjit Singh Sandhu) और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने मंगलवार को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राज्य स्तरीय आशा सम्मेलन-2026 और आशा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके सम्मान और कल्याण से जुड़े विषयों पर भी जोर दिया गया। (पढ़े पूरी खबर)
कुत्ते को लेकर झगड़ा, चाकू से हमला और हत्या: दिल्ली की द्वारका जिला अदालत ने उत्तम नगर के मोहन गार्डन इलाके में कुत्ते को लेकर हुई कहासुनी के बाद दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में चार दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने मामले में टिप्पणी करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थान पर चाकू से हमला कर किसी व्यक्ति के दिल और आंतों को क्षतिग्रस्त करना अत्यंत क्रूर कृत्य है। अदालत के अनुसार, इस तरह की हिंसक घटनाएं समाज में शांति और सौहार्द के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

