Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (16 अक्टूबर 2026) की खबरों में हिरासत में लिए गए अभिजीत दिपके, पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को 2 साल की जेल, दिल्ली की रामलीला में रावण के साथ जलेगा 30 फीट का कॉकरोच, मैरी मिलबेन बनाम इमरान खान: अभिजीत दीपके ने उठाए सवाल प्रमुख रहा।

हिरासत में लिए गए अभिजीत दिपके
कॉकरोच जनता पार्टी की ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली थोड़ी देर में शुरू होने वाली है। इससे ठीक पहले अभिजीत दीपक को हिरासत में ले लिया गया है। यह रैली कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क होनी है। सुरक्षा के मद्देनजर नई दिल्ली जिले में BNSS की धारा 163 लागू है। यानी 4 या 4 से ज्यादा लोग इकट्ठा नहीं हो सकते हैं। पुलिस पहले ही कह चुकी थी कि अगर इस दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ती है तो एक्शन लेंगे। इससे पहले दिल्ली पुलिस झंडेवालान स्थित उस बंगले पर पहुंची थी, जहां CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ठहरे हुए हैं।

पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को 2 साल की जेल
नई दिल्ली: दिल्ली दंगों से जुड़े एक मामले में कड़कड़डूमा कोर्ट ने पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को दो साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। शुक्रवार को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीण सिंह की अदालत ने उन पर 10,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना नहीं भरने पर उन्हें 10 दिन की अतिरिक्त साधारण कैद भुगतनी होगी। अदालत ने 10 अक्टूबर को ताहिर हुसैन को दंगा करने और अपराध के लिए उकसाने व सहायता देने के आरोप में दोषी ठहराया था।

दिल्ली की रामलीला में रावण के साथ जलेगा 30 फीट का कॉकरोच
दिल्ली की एक रामलीला (Delhi’s Ramlila) में इस बार रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ 30 फुट ऊंचे कॉकरोच का पुतला भी जलाया जाएगा। पीतमपुरा की श्री केशव रामलीला कमेटी ने यह फैसला लिया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) राजधानी में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है। श्री केशव रामलीला कमेटी के मुताबिक, कॉकरोच गंदगी का प्रतीक है। उसका पुतला जलाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। इस बार रामलीला में पारंपरिक रूप से रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जलाने के साथ यह नया प्रयोग भी देखने को मिलेगा।

मैरी मिलबेन बनाम इमरान खान: अभिजीत दीपके ने उठाए सवाल
बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान (Imran Khan) को भारत छोड़ने का नोटिस जारी किए जाने का मामला चर्चा में है। इस मामले पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke) ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन (Mary Millben) का जिक्र करते हुए भारतीय राजनीति में विदेशी नागरिकों की टिप्पणी और OCI कार्डधारकों के अधिकारों को लेकर सवाल खड़े किए। अभिजीत दीपके ने कहा कि एक अमेरिकी नागरिक मैरी मिलबेन भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थन में अपनी बात रख सकती हैं, लेकिन OCI कार्डधारक इमरान खान भाजपा के खिलाफ कुछ नहीं कह सकते।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
यमुना का पानी हुआ जहरीला?: दिल्ली में यमुना नदी की स्थिति एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। उत्तर दिल्ली के बुराड़ी के पास यमुना नदी के किनारे सैकड़ों मछलियां मृत पाई गई हैं। ‘न्यू दिल्ली नेचर सोसाइटी’ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर गुरुवार (15 अक्टूबर) को इसकी जानकारी दी। यमुना नदी के किनारे मछलियों के मृत मिलने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उस समय स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि हरियाणा की नहरों के जरिए बहकर आ रहे रासायनिक कचरे के कारण मछलियों की मौत हो रही है। हालांकि, बुराड़ी के पास मछलियों की मौत की मौजूदा घटना के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। (पढ़े पूरी खबर)
SIR पर दिल्ली के CEO का बड़ा अपडेट: देशभर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया जारी है। इस बीच दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अशोक कुमार ने राजधानी के मतदाताओं के लिए अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि SIR के तहत दावे और आपत्तियां दाखिल करने के लिए 30 अक्टूबर तक का समय निर्धारित किया गया है। दिल्ली के CEO अशोक कुमार के मुताबिक, जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्वाचन आयोग के समक्ष अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। (पढ़े पूरी खबर)
CJP के प्रदर्शन से व्यापार प्रभावित होने पर SC की टिप्पणी: दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने तत्काल निर्देश जारी करने से इनकार कर दिया है। शीर्ष अदालत ने उम्मीद जताई कि प्रदर्शनकारी समझदारी से काम लेंगे और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। वहीं, त्योहारों के सीजन में प्रदर्शन के चलते कारोबार प्रभावित होने की आशंका से व्यापारियों ने चिंता जताई है। सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शन को लेकर तत्काल हस्तक्षेप करने या निर्देश जारी करने से इनकार करते हुए उम्मीद जताई कि प्रदर्शनकारी जिम्मेदारी से व्यवहार करेंगे। (पढ़े पूरी खबर)
घर में बुजुर्गों की देखभाल का कोई मोल नहीं: दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने बुजुर्ग गृहिणियों के परिवार में योगदान को लेकर एक महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। अदालत ने स्पष्ट किया कि उम्र बढ़ने के साथ भले ही किसी बुजुर्ग महिला का परिवार की आर्थिक व्यवस्था में प्रत्यक्ष योगदान न हो, लेकिन परिवार के लिए एक मार्गदर्शक और भावनात्मक सहारे के रूप में उसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। हाईकोर्ट ने बुजुर्ग गृहिणियों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि परिवार में उनकी उपयोगिता को केवल आर्थिक सहयोग के आधार पर नहीं आंका जा सकता। (पढ़े पूरी खबर)
बांग्लादेश के प्रदर्शनों से प्रेरणा वाले बयान पर घिरीं नेहा बोरा: आम आदमी पार्टी (AAP) ने ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा (Neha Bora) के बांग्लादेश के विरोध-प्रदर्शनों से प्रेरित होने संबंधी बयान से दूरी बना ली है। पार्टी ने इसे नेहा बोरा की निजी राय बताया। AAP ने कहा कि भारत में भगत सिंह जैसे महापुरुष रहे हैं, इसलिए देश के लोगों को प्रेरणा लेने के लिए दूसरे देशों की ओर देखने की जरूरत नहीं है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और उनके समर्थकों पर निशाना साधा है। (पढ़े पूरी खबर)
CJP के तिरंगा मार्च में सिर्फ 11 लोगों को अनुमति: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘लहरा दो तिरंगा मार्च’(‘Hoist the Tricolour’ March) को लेकर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने 16 अक्टूबर को प्रस्तावित मार्च में आम लोगों से शामिल नहीं होने की अपील की है। वहीं, कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में निर्धारित स्थान पर तिरंगा लेकर चलने और राष्ट्रगान गाने के लिए केवल 11 लोगों के समूह को अनुमति देने की बात कही गई है। पुलिस के मुताबिक, अनुमति निर्धारित स्थान और सीमित संख्या में लोगों के लिए है। ऐसे में मार्च में शामिल होने की योजना बना रहे लोगों से पुलिस ने कार्यक्रम में नहीं आने की अपील की है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में घर-घर होगा फायर सेफ्टी ऑडिट: दिल्ली में हाल के दिनों में आग लगने की बड़ी घटनाओं के बाद अब प्रत्येक घर का फायर सेफ्टी ऑडिट (Fire Safety Audit) कराने की तैयारी की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली नगर निगम (MCD) को इसके लिए विस्तृत खाका तैयार करने के निर्देश दिए हैं। निगम को अक्टूबर महीने में ही मंत्रालय को बताना होगा कि इस अभियान को पूरा करने में कितना समय लगेगा, कितनी धनराशि की आवश्यकता होगी और कितने कर्मचारियों की जरूरत पड़ेगी। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

