Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (7 नवंबर 2026) की खबरों में दिवाली से एक दिन पहले दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बनी दिल्ली, दिल्ली में निर्माण कार्यों पर सरकार सख्त, BS-VI नियमों पर दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, JNU में खूनी झड़प: महिला मित्र को लेकर छात्रों के बीच चले चाकू और गंडासे प्रमुख रहा।

दिवाली से एक दिन पहले दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बनी दिल्ली
दिवाली से ठीक एक दिन पहले शनिवार को दिल्ली की हवा एक बार फिर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। राजधानी में तेजी से बढ़ते वायु प्रदूषण ने सरकार से लेकर पर्यावरण विशेषज्ञों तक की चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 364 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। वहीं, स्विस ग्रुप IQAir की लाइव रैंकिंग के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित प्रमुख शहर रहा।

JNU में खूनी झड़प: महिला मित्र को लेकर छात्रों के बीच चले चाकू और गंडासे
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्रों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महिला मित्र को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद बराक हॉस्टल में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान चाकू और गंडासे से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना में एक छात्र समेत चार लोग घायल हुए हैं। सभी को दिल्ली के एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना बृहस्पतिवार की है।

दिल्ली में निर्माण कार्यों पर सरकार सख्त
दिल्ली में सरकारी इमारतों के निर्माण और इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी परियोजनाओं को लेकर सरकार कामकाज का तरीका बदलने की तैयारी कर रही है। अब सरकारी निर्माण परियोजनाओं में केवल नक्शा तैयार कराने या अलग-अलग चरणों में तकनीकी सलाहकार नियुक्त करने की व्यवस्था के बजाय शुरुआत में ही विशेषज्ञ आर्किटेक्ट और इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स की नियुक्ति की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत इन विशेषज्ञों की जिम्मेदारी परियोजना की शुरुआती योजना तैयार करने से लेकर निर्माण कार्य पूरा कराने और तैयार इमारत या परियोजना को संबंधित विभाग को सौंपने (हैंडओवर) तक होगी।

BS-VI नियमों पर दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए गैर-BS-VI वाहनों के प्रवेश पर लगाई गई पाबंदी के बीच दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में रहने वाले वकीलों और न्यायिक कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि NCR में रहने वाले वकील और ज्यूडिशियल स्टाफ दिल्ली के बाहर पंजीकृत उन वाहनों से भी राजधानी आ सकेंगे, जो BS-VI उत्सर्जन मानकों को पूरा नहीं करते हैं। हालांकि, यह छूट केवल अदालतों के कामकाज वाले दिनों में लागू होगी।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
अब दिल्ली में भी उठाएं रिवर सफारी का मजा; लंबे इंतजार के बाद दिल्लीवासियों को यमुना नदी के बीच सफर करने का मौका मिलने जा रहा है। राजधानी में नमो यमुना रिवर सफारी के तहत मंगलवार, 10 नवंबर से फेरी सेवा आम लोगों के लिए शुरू होगी। इस सेवा के शुरू होने से लोग यमुना नदी में नाव के जरिए सफर करने के साथ नदी के आसपास के नजारों का आनंद ले सकेंगे। इस फेरी सेवा का ट्रायल रन पहले ही पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जांच भी पूरी होने के बाद सेवा को हरी झंडी मिल गई है। अब इसे आम लोगों के लिए शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन: दिल्ली में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों को पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने का निर्देश दिया है। शुक्रवार को जारी इस आदेश के तहत छोटे बच्चों को स्कूल में ऑफलाइन पढ़ाई के साथ घर से ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल होने का विकल्प भी उपलब्ध कराना होगा। शिक्षा निदेशालय का यह निर्देश उसके अधीन आने वाले सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर लागू होगा। इसके अलावा नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC), दिल्ली नगर निगम (MCD) और दिल्ली छावनी बोर्ड के स्कूलों को भी इस व्यवस्था का पालन करना होगा। (पढ़े पूरी खबर)
चावड़ी बाजार हादसा: दिल्ली के चावड़ी बाजार (Chawri Bazar) में पुरानी इमारत के पुनर्निर्माण के दौरान हुए हादसे को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। गुरुवार को निर्माणाधीन इमारत ढहने से दो मजदूरों की मौत हो गई थी। अब इस मामले में दर्ज एफआईआर (FIR) से पता चला है कि इमारत के निर्माण की देखरेख कर रहे ठेकेदार ने मजदूरों की चेतावनियों को नजरअंदाज किया था। एफआईआर के मुताबिक, मजदूरों ने ठेकेदार को निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की खराब गुणवत्ता को लेकर शिकायत की थी। उन्होंने यह भी चेताया था कि इमारत की मौजूदा स्थिति एक और कंक्रीट स्लैब यानी छत का अतिरिक्त भार सहन करने में सक्षम नहीं है। इसके बावजूद कथित तौर पर निर्माण कार्य जारी रखा गया। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली SIR में छूटा नाम तो न हों परेशान: दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के दौरान ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर रह गए लाखों मतदाताओं को अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल कराने का एक और मौका मिलने जा रहा है। दिल्ली चुनाव आयोग 31 अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर रह गए सभी 47.56 लाख मतदाताओं को नए एन्यूमरेशन फॉर्म जारी करेगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के मुताबिक, SIR प्रक्रिया के दौरान जिन मतदाताओं को अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), मृत (Dead) और डुप्लीकेट (Duplicate) यानी ASDD श्रेणी में चिह्नित किया गया था, उन्हें नए फॉर्म दिए जाएंगे। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली-NCR की हवा हुई जहरीली: दिल्ली-NCR में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने शुक्रवार, 6 नवंबर को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू कर दिया। प्रदूषण की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उठाए गए इस कदम के तहत स्कूलों में पढ़ाई के तरीके में भी बदलाव किया गया है। अब दिल्ली और NCR के प्रमुख जिलों में पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई अनिवार्य होगी। इसके तहत स्कूलों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध करानी होगी। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी। (पढ़े पूरी खबर)
दीपावली पर दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग बदली: दीपावली के त्योहार को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया है। दिवाली के दिन दिल्ली मेट्रो की तीन प्रमुख लाइनों पर सेवाएं सामान्य दिनों की तुलना में एक घंटे पहले शुरू होंगी। हालांकि, यात्रियों को यह भी ध्यान रखना होगा कि सभी मेट्रो लाइनों पर आखिरी ट्रेन के रवाना होने का समय भी एक घंटे पहले कर दिया गया है। (पढ़े पूरी खबर)
सोशल मीडिया से हटाएं CM रेखा के फेक वीडियो: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से जुड़े आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किए गए आपत्तिजनक वीडियो, तस्वीरों और सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने अंतरिम राहत दी है। अदालत ने स्पष्ट कहा कि राजनीतिक व्यंग्य और आलोचना के नाम पर किसी व्यक्ति, विशेषकर महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। न्यायमूर्ति मनोज जैन की पीठ ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से आम आदमी पार्टी (AAP) और अन्य पक्षों के खिलाफ दायर मानहानि याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। अदालत ने संबंधित पक्षों को विवादित छह यूआरएल तत्काल हटाने का निर्देश दिया है। (पढ़े पूरी खबर)
दिवाली से पहले रेखा सरकार का बड़ा एक्शन: दिवाली के मद्देनजर लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार का खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में विभाग की टीमों ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य पदार्थ बनाने वाली इकाइयों का निरीक्षण किया। टीमों ने उत्तर-पूर्वी, पूर्वी, शाहदरा, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिठाइयों, दूध से बने उत्पादों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 40 नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

