Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (11 सितंबर 2026) की खबरों में कुत्ते को घुमाने के लिए स्टेडियम खाली कराने वाले IAS की मुश्किलें बढ़ीं, जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के बाद एक और जज पर टिप्पणी से घिरे सौरभ दास, दिल्ली सरकार बनाएगी अपनी आपदा फोर्स प्रमुख रहा।

कुत्ते को घुमाने के लिए स्टेडियम खाली कराने वाले IAS की मुश्किलें बढ़ीं
सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने IAS अधिकारी रिंकू धुग्गा (Rinku Dhugga) की बहाली पर रोक लगा दी है। केंद्र सरकार ने उन्हें अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त कर दिया था। धुग्गा पर आरोप था कि उन्होंने अपने कुत्ते को टहलाने के लिए दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम (Thyagaraj Stadium) को खाली करवाया था। चीफ जस्टिस सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने मामले में रिंकू धुग्गा को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस केंद्र सरकार की उस याचिका पर जारी किया गया, जिसमें दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसके तहत धुग्गा की बहाली का रास्ता साफ हुआ था।

जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के बाद एक और जज पर टिप्पणी से घिरे सौरभ दास
जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा (Swarna Kanta Sharma) पर कथित टिप्पणियों को लेकर पहले से ही आपराधिक अवमानना के मामले का सामना कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरभ दास (Saurabh Das) की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ इसी तरह की एक आपराधिक अवमानना शिकायत पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट में भी दायर की गई है।

दिल्ली सरकार बनाएगी अपनी आपदा फोर्स
सत्य निकेतन में हुए हादसे से सबक लेते हुए दिल्ली सरकार ने आपदा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। प्राकृतिक और मानवीय आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए दिल्ली में अब राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) का गठन किया जाएगा। इस बल में अधिकतम 1100 जवान शामिल होंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के अधिकारियों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में SDRF के गठन का निर्णय लिया गया।

खिलाड़ियों को हर महीने ₹2,000 देगी रेखा गुप्ता सरकार
दिल्ली सरकार पात्र युवा खिलाड़ियों को अब हर महीने 2,000 रुपये की आर्थिक मदद देगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की अहम बैठक में ‘मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना’ का दायरा बढ़ाने को मंजूरी दी गई। इस योजना के तहत उन पात्र खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता दी जाएगी, जो दिल्ली सरकार के स्पोर्ट्स सेंटर और स्टेडियम में नियमित रूप से ट्रेनिंग ले रहे हैं। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के दौरान आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली PG हादसा: दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए हादसे के मामले में दिल्ली नगर निगम (MCD) ने गुरुवार को बिल्डिंग डिपार्टमेंट के 3 और अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इन अधिकारियों पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप है। MCD के मुताबिक, निलंबित किए गए अधिकारियों में एक असिस्टेंट इंजीनियर (AE) और दो जूनियर इंजीनियर (JE) शामिल हैं। निगम ने यह कार्रवाई सत्य निकेतन में हुए हादसे के बाद अनधिकृत निर्माण और भवनों की निगरानी में कथित लापरवाही की जांच के बीच की है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में टीम इंडिया के मैच पर संकट: राजधानी में होने वाले भारत और अफगानिस्तान के बीच अंतरराष्ट्रीय T-20 मुकाबले की तारीख बदलने की मांग की गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) से मैच को किसी दूसरी तारीख पर शिफ्ट करने का अनुरोध किया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच यह मुकाबला 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में प्रस्तावित है। इसी दौरान राजधानी में BRICS शिखर सम्मेलन भी होना है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के मंडावली में स्कूल के पास मर्डर: दिल्ली के मंडावली इलाके में 22 वर्षीय युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। घर के पास गली में मौजूद यश डेढ़ा पर बाइक सवार हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल यश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने युवक पर कई बार चाकू से वार किए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। (पढ़े पूरी खबर)
सत्य निकेतन हादसे में बड़ा खुलासा: सत्य निकेतन में बहुमंजिला हॉस्टल ढहने से 7 लोगों की मौत के बाद अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने दावा किया है कि उसने हादसे से करीब 3 महीने पहले ही इलाके की इमारतों में सुरक्षा संबंधी खतरों, खासकर आग लगने की आशंका को लेकर प्रशासन को आगाह किया था। इसके बावजूद पुलिस की चेतावनी पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। पिछले रविवार को सत्य निकेतन इलाके में एक बहुमंजिला हॉस्टल ढह गया था। हादसे में पांच छात्रों समेत सात लोगों की मौत हुई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इलाके की इमारतों की स्थिति और वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर पहले ही चिंता जताई थी। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



