उमेश यादव, सागर। इंदौर के चर्चित हनी ट्रैप मामले में सागर की भाजपा नेत्री रेशु चौधरी का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि मामले की जांच कर रही सीबीआई ने मकरोनिया स्थित निवास से रेशु चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
इसी बीच रेशु चौधरी से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है। मकरोनिया निवासी कोरियर डिलीवरी बॉय लक्ष्मीकांत राज ने उन पर 16 हजार 750 रुपए की ठगी का आरोप लगाया है।
पीड़ित लक्ष्मीकांत राज के मुताबिक, फरवरी माह में रेशु चौधरी ने एक महंगा परफ्यूम ऑर्डर किया था। जब वह पार्सल की डिलीवरी देने उनके घर पहुंचा, तो रेशु ने कुछ समय मांगा और पार्सल लेकर अंदर चली गईं। आरोप है कि कुछ देर बाद उन्होंने परफ्यूम वापस करने की बात कही, लेकिन पैकेट के अंदर महंगे परफ्यूम की जगह खाली शैंपू की बोतल रख दी गई थी।
डिलीवरी बॉय का कहना है कि कंपनी की जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद पूरी रकम उसकी सैलरी से काट ली गई। इसके बाद उसने मकरोनिया थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिल पाया है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बाद उसे लगातार धमकी भरे फोन कॉल आने लगे। उसका कहना है कि कुछ लोगों ने खुद को भाजपा से जुड़ा बताते हुए शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। वहीं, रेशु चौधरी पर राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस पूरे प्रकरण में क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।

