हेमंत गुर्जर, बागली (देवास)। मध्य प्रदेश के सतवास में डोल ग्यारस पर आस्था और सौहार्द का अनोखा नजारा देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं के साथ भगवान कृष्ण के डोल का भव्य चल समारोह निकला और नगर के सभी डोल पवित्र हिंडोला बावड़ी पहुंचे, जहां भजन-कीर्तन के बीच कान्हा का जल विहार कराया गया।
सतवास का डोल ग्यारस इसलिए भी खास और संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि जिस हिंडोला बावड़ी में भगवान के डोल का जल विहार होता है, उसके ठीक सामने शाही जामा मस्जिद है और दोनों के बीच महज 15 फीट की दूरी है। खास बात ये कि महाआरती पूरी होते ही मस्जिद में नमाज का समय हो जाता है। ऐसे में दोनों समुदायों के हजारों लोग एक ही जगह मौजूद रहते हैं।
ये भी पढ़ें: Ujjain Kal Bhairav Sawari: उज्जैन में ढोल ग्यारस पर निकली बाबा काल भैरव की भव्य सवारी! सिंधिया घराने की पहनाई पगड़ी, पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
इसी को देखते हुए प्रशासन ने बावड़ी और मस्जिद के बीच बेरिकेडिंग कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। वहीं चल समारोह में राधा-कृष्ण की झांकी, भूत मंडली और झांझ पार्टी आकर्षण का केंद्र रही, जबकि अखाड़ों के कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। महाआरती के बाद सवा क्विंटल खिचड़ी का प्रसाद बांटा गया और पूरा आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
सतवास थाना टीआई आशीष पाल सिंह ने बताया कि शांति समिति की बैठक में जो समय निर्धारित किया गया था, उसी के अनुरुप प्रोग्राम हुआ है। नगर के सभी लोगों ने इसमें भाग लिया। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। लेकिन बहुत ही सफल आयोजन हुआ है। दो विभिन्न धर्मों के धार्मिक स्थल आमने-सामने है। ऐसे में बैरिकेडिंग और परदे लगाए गए थे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



