धमतरी। अगर सड़क पर कोई घायल पड़ा हो और पुलिस ही पीड़ित बन जाए, तो डायल-112 कितनी देर में मदद के लिए पहुंचेगी? इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए धमतरी पुलिस ने अनोखा प्रयोग किया। इस बार आम नागरिक नहीं, बल्कि पुलिस अधिकारी ही ‘पीड़ित’ बने और सड़क दुर्घटना की काल्पनिक सूचना देकर डायल-112 की तत्परता को परखा गया।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने डायल-112 कंट्रोल रूम को सड़क दुर्घटना की काल्पनिक सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तुरंत सक्रिय हुई और मात्र 5 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई।

मौके पर पहुंचे एएसपी शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने टीम के रिस्पांस टाइम, कार्यप्रणाली और आपसी समन्वय का निरीक्षण किया। उन्होंने त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। साथ ही निर्देश दिए कि भविष्य में भी किसी भी आपात स्थिति में इसी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ आम नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराई जाए।

पुलिस की आम नागरिकों से अपील

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, सड़क दुर्घटना, अपराध या अन्य सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल डायल-112 पर कॉल करें। धमतरी पुलिस आपकी सुरक्षा एवं सेवा के लिए 24×7 तत्पर है।

देखिये वीडियो-

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H