नारनौल। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल शहर से एक बेहद गंभीर और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ उसके ही पास के मोहल्ले में रहने वाले एक युवक द्वारा ब्लैकमेलिंग और शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। आरोपी युवक ने नाबालिग की कुछ निजी तस्वीरें और वीडियो बना लिए थे, जिसके दम पर वह उसे लगातार डरा-धमका रहा था। पीड़िता की शिकायत पर जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ा मामला दर्ज कर लिया है।
दोस्ती की आड़ में रची घिनौनी साजिश
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता नारनौल शहर की रहने वाली है और उसकी उम्र करीब 17 साल है। वह पहले स्थानीय स्तर पर अपनी पढ़ाई कर रही थी। इसके बाद वह आगे की पढ़ाई और कोचिंग के लिए राजस्थान के एक शहर में चली गई थी। इसी दौरान उसकी पहचान नारनौल के ही एक मोहल्ले के रहने वाले राहुल नाम के युवक से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती हो गई। आरोप है कि इसी दोस्ती का फायदा उठाकर राहुल ने छात्रा के कुछ फोटो और वीडियो अपने पास रख लिए।
फोटो-वीडियो दिखाकर किया ब्लैकमेल, दी जान से मारने की धमकी
शिकायत के मुताबिक, आरोपी राहुल ने इन निजी तस्वीरों और वीडियो को हथियार बना लिया। उसने छात्रा को डराना शुरू किया कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी, तो वह इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा और उसके परिवार को बदनाम कर देगा। बदनामी के इसी डर का फायदा उठाकर आरोपी ने नाबालिग के साथ गलत काम किया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। वह छात्रा को बार-बार अपने पास बुलाकर दोबारा गलत काम करने का दबाव बना रहा था, जिससे तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई।
परिजनों को बताई आपबीती, पुलिस ने दर्ज किया पॉक्सो एक्ट
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर नाबालिग छात्रा ने पूरी कहानी अपने परिजनों को बताई। बेटी के साथ हुई इस ज्यादती को सुनकर परिवार के होश उड़ गए। परिजन तुरंत पीड़िता को लेकर स्थानीय पुलिस स्टेशन पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और आरोपी राहुल के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम यानी पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया।
- Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
- https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

