नई दिल्ली: दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश में घरेलू सहायिका की हत्या के मामले में गिरफ्तार डॉक्टर से पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी डॉक्टर ने कथित तौर पर मेड पर पहले बैट से हमला किया और बाद में धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर को शक था कि घरेलू सहायिका घर में जादू–टोना जैसी गतिविधियां करती है, जिससे उसके बेटे की पढ़ाई और परिवार का माहौल प्रभावित हो रहा है। पूछताछ के दौरान डॉक्टर ने कथित तौर पर इसी शक को वारदात की वजह बताया है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जादू–टोने का था शक
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान डॉक्टर ने दावा किया कि उसे लगता था कि उसकी मेड मीना घर में जादू-टोना जैसी नकारात्मक चीजें लेकर आती थी, जिसका असर उसके बेटे की पढ़ाई पर पड़ रहा था। हालांकि, जांच से जुड़े पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी डॉक्टर ने अभी तक हत्या के पीछे कोई ठोस कारण नहीं बताया है। पुलिस उसके बयानों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर ने कथित तौर पर घर में घरेलू सहायिका पर हमला किया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान डॉक्टर ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले घरवालों से नौकरानी को काम से हटाने के लिए कहा था, लेकिन उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दावा किया कि इस बात से वह आहत था और इसके बाद उसने घरेलू सहायिका पर हमला कर दिया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हत्या के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है।जांच के दौरान आरोपी डॉक्टर की पत्नी और बेटे से भी पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने बताया कि डॉक्टर मनीष गुप्ता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी और वह मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा इलाज करा रहे थे। परिवार ने पुलिस को यह भी बताया कि डॉक्टर एंटी-डिप्रेशन दवाएं ले रहे थे। पुलिस अब आरोपी की मेडिकल हिस्ट्री, उसके बयानों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी डॉक्टर मनीष गुप्ता की पत्नी सुबह करीब 10 बजे काम पर चली गई थी, जबकि डॉक्टर और उसका बेटा घर पर मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक, करीब 10:30 बजे मीना बाथरूम से कपड़े धोकर सुखाने के लिए छत पर गई थी। इसी दौरान डॉक्टर ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले बैट से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गिर गई। इसके बाद धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
क्या बोला पीड़ित परिवार
ग्रेटर कैलाश में घरेलू सहायिका मीना की हत्या के मामले में उनके परिवार ने गहरा दुख जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना के बाद परिवार सदमे में है और उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है। मृतका के बेटे रॉबिन ने बताया कि घटना के बाद से पूरा परिवार मानसिक रूप से टूट गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उनकी मां की हत्या आखिर क्यों की गई। रॉबिन के अनुसार, उनकी मां मीना गुप्ता परिवार के सभी लोगों की अक्सर तारीफ करती थीं और घर चलाने तथा आर्थिक मदद के लिए मेहनत से काम करती थीं। परिवार ने पुलिस से इस मामले की निष्पक्ष और तेजी से जांच करने की मांग की है, ताकि हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

