कुंदन कुमार, पटना। बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आज 6 जुलाई को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती मनाई गई। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद सहित कई नेताओं ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदानों का याद करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।

25 से अधिक पार्कों में लगेगी प्रतिमाएं

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि, श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश में एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने को लेकर हमेशा लड़ाई लड़ा। धारा 370 और 35ए के खिलाफ लड़ाई लड़कर वर्तमान सरकार (मोदी सरकार) ने उनके सपनों को साकार किया है। संजय सरावगी ने कहा कि, आज के दिन बिहार के 25 से अधिक नगर निकाय ने अपने पार्क में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा लगाने की घोषणा की है और कई शहर में सड़कों का भी उनके नाम भी नामकरण होगा।

सीएम सम्राट ने भी दी श्रद्धांजलि

सीएम सम्राट चौधरी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए सभी जिला मुख्यालयों में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर महत्वपूर्ण पार्क/सड़क का निर्माण एवं नामकरण करने का फैसला लिया है। इसकी जानकारी उन्होंने एक्स पोस्ट के जरिए दी है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पोस्ट में लिखा, अखण्ड भारत के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले युगपुरुष, भारत सरकार के पूर्व मंत्री डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के नाम पर जिला मुख्यालयों में महत्वपूर्ण पार्क/सड़क का निर्माण एवं नामकरण किया जाएगा।

डॉ. मुखर्जी ने की थी भारतीय जनसंघ की स्थापना

बता दें कि भाजपा उत्पत्ति भारतीय जनसंघ से हुई है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ही 1951 में दिल्ली में भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी। 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित भारतीय जनसंघ का 1977 में जनता पार्टी में विलय हो गया था, लेकिन 6 अप्रैल 1980 को जनसंघ के पूर्व सदस्यों ने अलग होकर भाजपा का गठन किया। मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित एक विशेष अधिवेशन में भाजपा का गठन हुआ था, जिसके पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी मुख्य संस्थापक और प्रथम अध्यक्ष थे।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव के लिए आज से नामांकन शुरू, कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, धारा 163 लागू