Anil Ambani News: रिलायंस ग्रुप के पूर्व चेयरमैन अनिल अंबानी को झटके पर झटके लगना जारी है। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी (ED) ने बैंक लोन धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अनिल अंबानी को झटका देते हुए उनके दो सहयोगी अमिताभ झुनझुनवाला (Amitabh Jhunjhunwala) और अमित बापना (Amit Bapna) को गिरफ्तार किया है। ED ने ये कार्रवाई रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) और रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) लोन धोखाधड़ी मामले में की है, जिसमें शेल या फर्जी कंपनियों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है।

अमिताभ झुनझुनवाला अनिल अंबानी के करीबी माने जाते हैं, वे समूह में अहम फैसलों और वित्तीय संचालन में भूमिका निभाते थे। वहीं अमित बापना भी रिलायंस फाइनेंस के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं।

अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (एडीएजी) के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी अमिताभ झुनझुनवाला से पूछताछ के बाद उन्हें प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत हिरासत में लिया। ED ने झुनझुनवाला को अदालत में पेश कर विस्तृत पूछताछ के लिए उनकी कस्टडी मांगी है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, अमिताभ झुनझुनवाला मार्च 2003 से सितंबर 2019 तक रिलायंस कैपिटल लिमिटेड में निदेशक रह चुके हैं, जो इन कंपनियों की होल्डिंग कंपनी है। अनिल अंबानी समूह की कंपनियों पर 40,000 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि को अवैध तरीके से इधर-उधर करने का आरोप है। ईडी अब तक करीब 17,000 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर चुकी है, जिनमें 3,700 करोड़ रुपये की ‘एबोड’ नामक आवासीय संपत्ति भी शामिल है।

11,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि एनपीए में बदली

ईडी की जांच में सामने आया है कि आरएचएफएल और आरसीएफएल ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से बड़ी मात्रा में सार्वजनिक धन जुटाया, जिसमें से 11,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि एनपीए में बदल गई। आरोप है कि इस धन को शेल या फर्जी कंपनियों के जरिए रिलायंस समूह की अन्य कंपनियों, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, रिलायंस पावर, रिलायंस कम्युनिकेशंस और रिलायंस कैपिटल में ट्रांसफर किया गया। जांच में यह भी पाया गया कि इन शेल कंपनियों के पास न तो पर्याप्त वित्तीय क्षमता थी और न ही कोई वास्तविक कारोबार। ईडी का दावा है कि यह पूरा नेटवर्क सार्वजनिक धन की हेराफेरी के लिए तैयार किया गया था।

LIC की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

दरअसल इस महीने की शुरुआत में CBI ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड, अनिल अंबानी, कुछ अनजान सरकारी अधिकारियों और कुछ अन्य अनजान लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोप है कि इन्होंने भारतीय जीवन बीमा निगम को 3,750 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाया। एक सरकारी बयान के मुताबिक, यह केस भारतीय जीवन बीमा निगम लिमिटेड से मिली एक शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था। इसमें साजिश, धोखाधड़ी, गलत इस्तेमाल और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आने वाले अपराधों के आरोप लगाए गए थे।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m