Bihar Crime: बिहार के नवादा जिले में आज मंगलवार को हुए एक पारिवारिक कलह ने खौफनाक रूप ले लिया। घर की सफाई करने को लेकर हुए मामूली विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल हो गया। वहीं, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरा मामला नेमदारगंज थाना क्षेत्र के राजा देवरा गांव की है।

चाकू से कई बार पेट में किया हमला

मृतक युवक की पहचान जय नंदन शर्मा के पुत्र अखिलेश कुमार (25) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार आज मंगलवार को मृतक अखिलेश की साफ-सफाई करने की बारी थी, लेकिन उसने साफ-सफाई करने से इंकार कर दिया, जिसे लेकर उसके और बड़े भाई सुधीर शर्मा के बीच बहस शुरू हुई थी, जो तू-तू-मै-मै के बाद हिंसक मारपीट में बदल गई।

इस बीच आरोपी सुधीर अपने गुस्से पर काबू नहीं कर सका और उसने अपने छोटे भाई अखिलेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से अखिलेश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। इस बीच मौके पर पहुंचे परिजन उसे आनन-फानन में लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों भाइयों में बढ़ते टकराव को देखते हुए बीते 28 जून को स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर मामले को शांत कराने और न्याय की गुहार लगाई गई थी। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समय रहते कार्रवाई की होती, तो आज एक भाई की हत्या नहीं होती।

पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को भी हिरासत में लिया है, जिससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने परिजनों द्वारा पूर्व में दिए गए आवेदन और अब घटना के बाद नए बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

सुबह पहुंची थी पुलिस

घटना से जुड़ी चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि पूर्व में दिए गए आवेदन के आधार पर आज मंगलवार की सुबह ही पुलिस की एक टीम देवार गांव पहुंची थी। यह भी कहा जा रहा है कि पुलिस ने मामला तो शांत करा दिया, लेकिन उनके जाते ही कुछ देर बाद दोनों भाइयों में फिर से बहस छिड़ गई, जिसने इस खौफनाक घटना का रूप ले लिया।

ये भी पढ़ें- गोपालगंज में आकाशीय बिजली का कहर: खेत देखने गए अधेड़ की मौत, दो बच्चे गंभीर रूप से झुलसे