यमुनानगर। रादौर थाना क्षेत्र में कांजनू नहर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। सीआइए टू की टीम ने घेराबंदी कर चार बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान करीब 15 से 16 राउंड गोलियां चलीं। बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधा हमला किया था।

मुठभेड़ में कौन घायल हुआ
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाशों की पहचान सोनीपत के रहने वाले पवन और सतबीर के रूप में हुई है, जबकि तीसरा बदमाश करनाल के गांव पटहेडा का रहने वाला रवि कुमार है। इनके एक साथी प्रवीण को पुलिस ने सुरक्षित हिरासत में ले लिया है। इस दौरान सीआइए टू इंचार्ज राकेश कुमार और कांस्टेबल पवन पर भी गोलियां चलाई गईं, लेकिन उन्होंने बुलेट प्रूफ जैकेट पहनी थी, जिससे उनकी जान बच गई।
ज्वेर्ल्स से लूट के आरोपी
यह पूरा मामला 4 जुलाई की रात का है। रादौर बाजार में शाकुंभरी ज्वेलर्स के मालिक अमित कुमार जब दुकान बंद कर रहे थे, तब तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया था। बदमाशों ने पिस्टल की बट से वार कर उनसे नकदी से भरा बैग लूटा था, जिसमें 4 लाख रुपये थे। इस केस की जांच करते हुए पुलिस ने पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उन्हीं से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस इन चार अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
सोमवार की शाम को पुलिस को सूचना मिली कि चारों आरोपी बाइक पर रादौर इलाके में घूम रहे हैं। सीआइए टू टीम ने फौरन कांजनू नहर के पास घेराबंदी कर दी। जैसे ही बदमाश वहां पहुंचे, मुठभेड़ शुरू हो गई। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

