Exclusive : शिवम मिश्रा, रायपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बिलासा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को बड़ा हादसा होने से टल गया. दिल्ली से बिलासपुर आ रही एलाइंस एयर (Alliance Air) की फ्लाइट का दोपहर को लैंडिंग के दौरान एक पहिया बुरी तरह से फट गया. घटना से विमान सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया. राहत की बात रही कि कोई बड़ी घटना नहीं हुई.
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से एलाइंस एयर की विमान ने सुबह करीब 10.55 बजे उड़ान भरी थी. 2:35 घंटे के सफर के बाद जब बिलासपुर के बिलासा एयरपोर्ट पर लैंडिंग होने वाली थी, तभी दुर्घटना हुई. विमान का दाएं ओर का पहिया फट गया. बताया जा रहा है कि पहिए में आग लगी गई थी. इसके बाद विमान काफी दूर तक घसीटता चला गया. किसी तरह पायलट ने स्थिति को नियंत्रित किया और 60 यात्रियों की बाल-बाल जान बची. सूचना से एयरपोर्ट पर भी तत्काल सतर्कता बढ़ गई. हालांकि, किसी यात्री के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है.

विमान में 60 यात्री थे सवार (Alliance Air Flight)
विमान में कुल 60 यात्री सवार थे. घटना के दौरान अचानक यात्रियों में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि, राहत की बात है कि विमान में सवार सभी यात्री फिलहाल सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
फिलहाल विमान के पहिए के फटने की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. घटना के बाद विमान की तकनीकी स्थिति और पहिए में आई खराबी की जांच की जा सकती है. जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. घटना ने एक बार फिर विमान की लैंडिंग के दौरान तकनीकी सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर ध्यान खींचा है. घटना के बाद क्षतिग्रस्त विमान की प्रयागराज की उड़ान रद्द कर दी गई है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


