वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के सकरी पंचायत स्थित कल्याणपुर गांव में कल शनिवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में दो मवेशियों की भी जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

खेती के काम करते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान कल्याणपुर गांव निवासी स्वर्गीय विमल यादव के 45 वर्षीय पुत्र श्यामजी प्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार श्यामजी प्रसाद गांव के समीप रामपुर खंधा में खेती का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हुई और तेज आकाशीय बिजली उनकी चपेट में आ गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास के खेत में घास चर रहे दो मवेशी भी वज्रपात की चपेट में आकर मर गए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही इस्लामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सरकार से मुआवजा देने की मांग

जान गंवाने वाले मवेशियों के मालिक सोहजना गांव निवासी गिरानी चौधरी ने बताया कि, मवेशियों की मौत से उनके सामने जीविका का संकट खड़ा हो गया है। पंचायत समिति सदस्य सुधीर कुमार ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतक के परिजनों और पशुपालक को राज्य सरकार से शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।

ये भी पढ़ें- आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मजदूर की मौत, झारखंड से धान रोपनी करने बिहार आया था परिवार