अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। मानसून के सक्रिय होने के साथ ही इन दिनों पूरे बिहार में अच्छी-खासी बारिश देखने को मिल रही है। हालांकि, बारिश के साथ ही आसमान से आकाशीय बिजली कई लोगों के लिए मौत बनकर गिर रही है। ताजा मामला सासाराम से सामने आया है, जहां भानस ओपी थाना क्षेत्र के बभनडीहा गांव में ठनका गिरने से 14 साल का एक बालक की दर्दनाक मौत हो गई।

झारखंड का रहने वाला था मृतक

बताया जाता है कि मृतक युवक झारखंड के पलामू जिला के पाटन का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ धान की रोपनी करने के लिए रोहतास (बिहार) आया हुआ था। गौरतलब है कि इस समय खेत में धान रोपने का समय चल रहा है। बारिश के समय भी बड़ी संख्या में किसान और मजदूर धान की रोपाई करते हैं। धान की रोपनी के लिए झारखंड से बड़ी संख्या में मजदूर बिहार पहुंचते हैं।

धान रोपते समय गिरी आकाशीय बिजली

मिली जानकारी के अनुसार मृतक आशीष भुइया (14) अन्य दो मजदूरों के साथ खेत में धान की रोपनी कर रहा था। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में लोग उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

आज पूरे बिहार में झमाझम बारिश के आसार

प्रदेश में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के साथ ही मौसम विभाग ने आज रविवार (19 जुलाई) के लिए प्रदेश भर में बारिश होने के साथ आकाशीय बिजले गिरने की संभावना जताई है। विभाग ने 17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 20 जिलों के लिए बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। वहीं, 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

ये भी पढ़ें- ‘थर-थर कांप रही है पूरी भाजपा’, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान