अमित पाण्डेय, खैरागढ़। जिले के ग्राम धनगांव में बारिश के बीच सामने आई एक घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की लापरवाही दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। धान की बुवाई का कार्य पूरा कर लौट रहे कई किसान उफनती आमनेर नदी को ट्रैक्टर सहित पार करते नजर आए। तेज बहाव के बावजूद नदी में ट्रैक्टर उतारने का वीडियो सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

narayana

जानकारी के अनुसार, ग्राम धनगांव के किसानों के खेत आमनेर नदी के उस पार स्थित हैं। खेती-किसानी के कार्य के लिए उन्हें रोजाना नदी पार करनी पड़ती है। हालांकि आवागमन के लिए लगभग दो किलोमीटर दूर एक पुल भी बना हुआ है, लेकिन समय और दूरी बचाने के लिए कई किसान सीधे नदी से होकर गुजरना अधिक सुविधाजनक समझते हैं।

शनिवार-रविवार को हुई बारिश के बाद आमनेर नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था और पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। इसके बावजूद कुछ किसान ट्रैक्टर लेकर नदी में उतर गए। वीडियो में कई ट्रैक्टर तेज बहाव के बीच धीरे-धीरे नदी पार करते दिखाई दे रहे हैं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन जरा सी चूक ट्रैक्टर के बहने या पलटने जैसी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती थी।

देखें VIDEO

प्रशासन हर वर्ष बरसात के मौसम में लोगों से अपील करता है कि उफनती नदियों और नालों को पार न करें और सुरक्षित मार्ग या पुल का ही उपयोग करें। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में शॉर्टकट अपनाने की प्रवृत्ति कई बार जान पर भारी पड़ जाती है।

विशेषज्ञों का भी मानना है कि तेज बहाव वाले पानी में किसी भी प्रकार के वाहन को उतारना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसी स्थिति में केवल सुरक्षित पुलों और निर्धारित मार्गों का उपयोग ही सबसे बेहतर विकल्प है।

धनगांव की यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि कुछ मिनट या कुछ किलोमीटर बचाने की कोशिश कई बार जिंदगी के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। प्रशासन की चेतावनियों का पालन और सुरक्षित रास्ते का चयन ही ऐसे संभावित हादसों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H