सतीश सिंह, गाजीपुर. उत्तर प्रदेश में माफिया नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने के अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है. कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी (मृतक) के गैंग (आईएस-191) से जुड़े उसके करीबी सहयोगी अंगद राय उर्फ झूलन की करीब 9.50 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कर लिया गया है. यह संपत्ति अपराध से अर्जित अवैध कमाई से खरीदी गई बताई गई है.

पुलिस के अनुसार, अंगद राय ने यह संपत्ति अपनी पत्नी सरिता राय के नाम पर खरीदी थी. जांच में सामने आया कि संपत्ति संगठित अपराध से अर्जित धन से बनाई गई थी. इसके बाद उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत जिलाधिकारी गाजीपुर के आदेश पर इसे जब्त कर लिया गया.

इसे भी पढ़ें : पैसे दो, नंबर बढ़वा देंगे… अगर ऐसा कॉल आए तो हो जाएं सावधान! UP Board ने जारी किया अलर्ट

यह कार्रवाई थाना कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 314/2023 के तहत की गई. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अंगद राय के खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट, रंगदारी, अवैध वसूली समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस के निशाने पर था. गाजीपुर पुलिस का कहना है कि माफिया और संगठित अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी.