हल्द्वानी के बनभूलपुरा स्थित ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में यूनिट टेस्ट के दौरान कई छात्राओं के अचानक चीखने से स्कूल में अफरातफरी मच गई. शिक्षकों ने अभिभावकों को बुलाकर छात्राओं को उनके साथ भेजा और सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया.
हल्द्वानी. उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा के ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान अचानक कई छात्राओं के चीखने से हड़कंप मच गया. घटना की शुरुआत हाईस्कूल की एक छात्रा की तबीयत बिगड़ने से हुई, जिसके बाद उसी कक्षा और आसपास के कमरों में परीक्षा दे रही कुछ अन्य छात्राएं भी चिल्लाने लगीं.
स्थिति बिगड़ने पर कई छात्राएं कक्षों से बाहर निकल आईं और कुछ कांपने लगीं. देखते ही देखते विद्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया. इस दौरान घटना को लेकर भूत-प्रेत के प्रकोप जैसी अफवाहें भी फैलने लगीं.
शिक्षिकाओं ने संभाली स्थिति
शिक्षिकाओं ने छात्राओं को पानी पिलाया और उन्हें शांत करने का प्रयास किया. अफवाहें फैलाने वालों को भी शिक्षिकाओं ने फटकार लगाई. इसके बाद चिल्ला रही छात्राओं के अभिभावकों को स्कूल बुलाया गया और अन्य छात्राओं के माता-पिता को भी सूचना दी गई.
अभिभावकों के पहुंचने के बाद छात्राओं को उनके साथ भेज दिया गया. परिस्थितियों को देखते हुए सोमवार को विद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया गया और उस दिन के अन्य पेपर स्थगित कर दिए गए.
स्कूल में 800 से अधिक छात्राएं
ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में 800 से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं. सोमवार से यूनिट टेस्ट शुरू होने के कारण विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति थी, जिसके चलते अचानक बनी परिस्थितियों को संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया. शिक्षिकाओं ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया.
मंगलवार से फिर परीक्षा
प्रधानाचार्य मनीषा ने बताया कि सोमवार को विद्यालय में अवकाश कर दिया गया था और अन्य पेपर स्थगित किए गए हैं. मंगलवार को स्कूल निर्धारित समय पर खुलेगा और परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार टेस्ट भी संचालित किए जाएंगे.
प्रधानाचार्य ने छात्राओं और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.


