हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण के विवाद को लेकर कांग्रेस ने 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया है. प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहकर प्रदर्शन और संगठनात्मक तैयारियों पर नेताओं से चर्चा करेंगी.
देहरादून. हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण के विवाद को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करने का ऐलान किया है. इस प्रदर्शन में उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और सांसद कुमारी शैलजा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे.
कांग्रेस का यह कार्यक्रम हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच के शुद्धिकरण को लेकर हुए विवाद के विरोध में आयोजित किया जा रहा है. पार्टी लगातार धार्मिक अनुष्ठान में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है.
कुमारी शैलजा का सरकार पर हमला
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि पार्टी का घेराव कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार मनमानी कर रही है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं को दबाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि कहीं एफआईआर दर्ज की जा रही है तो कहीं शुद्धिकरण किया जा रहा है, लेकिन इससे कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता दबने वाले नहीं हैं. शैलजा के मुताबिक हल्द्वानी में पार्टी नेता के खिलाफ कथित शुद्धिकरण के बाद प्रदेश के विभिन्न समाजों में इस मुद्दे को लेकर प्रतिक्रिया हुई है.
कुमारी शैलजा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाती है, जबकि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, उनके खिलाफ एफआईआर नहीं की गई. उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने के कारण भाजपा की बौखलाहट दिखाई दे रही है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनाव में अग्निवीर, भ्रष्टाचार और बढ़ते अपराध जैसे मुद्दे उठाएगी.
तीन दिन उत्तराखंड में रहेंगी शैलजा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि कुमारी शैलजा तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंच गई हैं. 7 सितंबर को होने वाले मुख्यमंत्री आवास हल्ला बोल कार्यक्रम की तैयारियों और उसे सफल बनाने के लिए वह पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करेंगी.
गोदियाल के अनुसार, अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान कुमारी शैलजा वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगी. इसका उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को संगठनात्मक रूप से मजबूत करना है.
उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी उन नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगी, जो उनसे मिलना चाहते हैं. कुमारी शैलजा तीन दिनों तक उत्तराखंड में रहेंगी.
वरिष्ठ नेताओं के दौरे प्रस्तावित
गणेश गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का भी उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि मानसून का दौर चल रहा है और बारिश कम होने के बाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा कर कार्यक्रमों की तारीख तय की जाएगी.
गोदियाल के मुताबिक राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड में कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं.
हरक सिंह ने बनाई रणनीति
हरक सिंह ने बैठक कर कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की. बैठक में घेराव की महारैली को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.
उन्होंने कहा कि जनता की आवाज और लोकतांत्रिक मूल्यों की लड़ाई को मजबूती से लड़ना होगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से 7 सितंबर को बड़ी संख्या में पहुंचकर सरकार को जनता की ताकत का एहसास कराने का आह्वान किया.
गौरतलब है कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच के शुद्धिकरण किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस नाराज है. खड़गे स्वयं इस मुद्दे को राज्यसभा में भी उठा चुके हैं.



