शामली: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की दिनदहाड़े हुई खौफनाक हत्या की जांच कर रही शामली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस हत्याकांड की साजिश में शामिल सोनीपत निवासी रोहित उर्फ लाडला को बुधवार शाम करीब 4 बजे उल्देपुर ठरू क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि रोहित ने ही एनकाउंटर में मारे गए आरोपी मोहित की मुलाकात भोलू शाहपुरिया से कराई थी। जेल में साथ रहने के दौरान बनी इस दोस्ती के जरिए ही पूरी वारदात की पटकथा रची गई थी।
जिम से निकलते ही मारी थीं गोलियां
बता दें कि यह सनसनीखेज वारदात 26 अगस्त को शाम करीब 6:45 बजे हुई थी। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान जब जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी चार हथियारबंद हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। गोलियां लगने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के पिता सतबीर सिंह की शिकायत पर शामली कोतवाली में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शामली पुलिस ने जांच के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया था।
मुठभेड़ में मारे गए थे दो आरोपी, अब कड़ियां जोड़ने वाला गिरफ्तार
मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस की 31 अगस्त को आरोपियों के साथ मुठभेड़ हुई थी, जिसमें मोहित और सुमित घायल हो गए थे और बाद में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या में शामिल अन्य कड़ियों और पर्दे के पीछे छिपे साजिशकर्ताओं की तलाश तेज कर दी थी। इसी जांच में सोनीपत निवासी रोहित उर्फ लाडला का नाम सामने आया, जिसने जेल की पुरानी पहचान के आधार पर मुख्य किरदारों को आपस में जोड़ा था।
तीन फरार आरोपियों पर 1-1 लाख का इनाम घोषित
उत्तर प्रदेश के शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस प्रशासन ने फरार चल रहे तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही बाकी बचे आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेजने का दावा कर रही हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

