काजल, हिसार। ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। शहर को जाम से मुक्त करने के लिए प्रशासन ने एक बड़ी पहल शुरू की है। मेयर प्रवीण पोपली ने सिंचाई विभाग के एसई विमल बिश्नोई के साथ मिलकर एक नई सड़क परियोजना का मौका निरीक्षण किया। यह सड़क डीएन कॉलेज रेलवे फाटक और घोड़ा फार्म रेलवे फाटक के बीच सेक्टर 33 को सीधे जोड़ने के लिए बनाई जाएगी।

शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही

मेयर ने बताया कि शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण प्रमुख सड़कों पर हर समय जाम लगा रहता है। इस समस्या को दूर करना और जनता को सुरक्षित व सुगम रास्ता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। प्रस्तावित नई सड़क स्लॉटर हाउस के पास से होकर गुजरेगी और सेक्टर 33 को सीधा रास्ता देगी।

अन्य जरूरी पहलुओं पर चर्चा

अधिकारियों के साथ किए गए निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण के लिए उपलब्ध जमीन और अन्य जरूरी पहलुओं पर गहराई से चर्चा की गई। मेयर ने कहा कि इस सड़क के बनने से शहर की व्यस्त सड़कों पर गाड़ियों का दबाव काफी कम हो जाएगा। इससे न केवल लोगों का कीमती समय बचेगा, बल्कि बार-बार लगने वाले जाम से भी काफी हद तक निजात मिलेगी।

ज्यादातर जमीन अलग-अलग सरकारी विभागों के पास

निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि प्रस्तावित मार्ग के लिए ज्यादातर जमीन अलग-अलग सरकारी विभागों के पास है। मेयर ने बताया कि अब वे संबंधित विभागों के साथ तालमेल बिठाकर जरूरी कागजी कार्यवाही पूरी करेंगे। प्रयास यही है कि इस परियोजना को जल्द से जल्द शुरू किया जाए ताकि शहरवासियों को जल्द इसका लाभ मिल सके।