कुरुक्षेत्र। जिले के इस्माइलाबाद में हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप गाड़ी की टक्कर में एक हेल्पर की जान चली गई। हादसे में ड्राइवर समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसा लोटनी गांव के पास हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप गाड़ी हिसार से पंचकूला की तरफ जा रही थी। गाड़ी में सवार तीनों लोग केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में ही हेल्पर की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।

बिहार का रहने वाला था मृतक

मृतक की पहचान बिहार के मधुबनी जिले के महथोर गोठ गांव निवासी 30 साल के बमबम के रूप में हुई। उसके हाथ पर बने टैटू से परिजनों को उसकी पहचान करने में मदद मिली।

साथियों के साथ पिकअप से जा रहा था मृतक

हादसे की जानकारी देते हुए मृतक के भाई ललित यादव ने बताया कि उनका भाई अपने साथियों के साथ पिकअप से जा रहा था। रास्ते में लोटनी गांव के पेट्रोल पंप के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अचानक ब्रेक लगा दिए और मुड़ने के लिए रास्ता बदला। पीछे से आ रही पिकअप की रफ्तार ज्यादा होने के कारण वह संभल नहीं सकी और सीधे ईंटों से भरी ट्रॉली के पीछे जा घुसी।

जोरदार टक्कर

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का आगे का हिस्सा बुरी तरह से पिचक गया। घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर अचानक हुए इस हादसे से आसपास के लोग भी सहमे हुए हैं।