गुजरात के सूरत शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक अकाउंटेंट ने ऑप्शन ट्रेडिंग में हुए भारी नुकसान की भरपाई के लिए खुद के अपहरण का फर्जी नाटक रच डाला। आरोपी ने अपनी पत्नी को अपहरणकर्ता बनकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी और खुद को बंधक बनाए जाने का वीडियो भी भेज दिया।
मोटा वराछा क्षेत्र के रहने वाले 36 वर्षीय जिग्नेश तलाविया ने अपनी पत्नी मिनाक्षीबेन के मोबाइल पर हिंदी में धमकी भरा संदेश भेजा। मैसेज में लिखा था कि यदि 50 लाख रुपये नहीं दिए गए तो उसकी लाश मिलेगी। साथ ही पुलिस को सूचना देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई थी।
गुमशुदगी की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
12 जून को मिनाक्षीबेन ने उत्तराण पुलिस स्टेशन में पति की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी ही थी कि फिरौती वाला मैसेज और वीडियो सामने आ गया। मामला अपहरण का प्रतीत होने पर पुलिस ने विशेष जांच शुरू कर दी।
तकनीकी जांच से खुला राज, होटल से मिला सुरक्षित
पीआई एच.आर. गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, टेक्निकल सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि पूरा मामला संदिग्ध है। आखिरकार पंचमहल जिले के गोधरा स्थित एक होटल से जिग्नेश को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में कबूल की पूरी साजिश
सूरत लाकर पूछताछ करने पर जिग्नेश ने स्वीकार किया कि अपहरण की कहानी पूरी तरह झूठी थी। उसने खुद फिरौती का संदेश टाइप किया, खुद को रस्सियों से बांधकर वीडियो रिकॉर्ड किया और पत्नी को भेज दिया। पुलिस के सामने उसने पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया।
ट्रेडिंग में नुकसान बना साजिश की वजह
पुलिस के अनुसार जिग्नेश एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट है और कॉल-पुट ऑप्शन ट्रेडिंग में सक्रिय था। इसी दौरान उसे 50 से 60 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ। नुकसान की भरपाई के लिए उसने परिवार और रिश्तेदारों से पैसे ऐंठने की योजना बनाई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

