राकेश कथूरिया, कैथल। पेंशन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। लघु सचिवालय में शनिवार को एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान पेंशन पाने वाले लोगों के दस्तावेजों में आ रही दिक्कतों को मौके पर ही ठीक किया गया।

विशेष शिविर में 81 लोगों को राहत मिली

एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि शिविर में शहर के अलावा ढांड, पूंडरी और राजौंद के लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। शिविर में कुल 81 पात्र लोगों के डाटा को पोर्टल पर अपडेट कर दुरुस्त किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बुजुर्गों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और कागजों में नाम की गलतियों या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी को तुरंत सुधारा गया।

सोमवार को इन्हें आना होगा

प्रशासन ने अगले शिविर को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं। सोमवार यानी 13 जुलाई को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक लघु सचिवालय में फिर से शिविर लगेगा। इसमें केवल कैथल और कलायत खंड के वही लाभार्थी आएं, जिन्हें विभाग की तरफ से मोबाइल पर एसएमएस मिला है।

जरूरी दस्तावेज साथ लाएं

एडीसी ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे घर से निकलते समय अपने साथ जरूरी कागजात जरूर रखें। इसमें मुख्य रूप से आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पेंशन से संबंधित अन्य दस्तावेज शामिल हैं। इन दस्तावेजों के बिना जानकारी को अपडेट करना संभव नहीं होगा। विभाग का प्रयास है कि लाभार्थियों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और उनकी पेंशन बिना रुकावट आती रहे।