हेमंत शर्मा, इंदौर। अगर आपको लगता है कि सड़कों पर काली थार दौड़ाकर, शराब के नशे में टल्ली होकर और गाड़ियों पर ‘जादुई’ नंबर प्लेट बदलकर आप पुलिस की आंखों में धूल झोंक देंगे… तो भाई साहब, थोड़ा संभल जाइए! ये इंदौर पुलिस है, यहां बड़े-बड़े ‘खिलाड़ी’ भी सीधे हवालात पहुंच जाते हैं। विजय नगर थाना इलाके में मैरियट होटल के सामने चल रही चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ऐसी ही ‘हाईटेक फर्जीवाड़े’ वाली थार को पकड़ा है, जिसकी असलियत जानकर आप भी सिर पकड़ लेंगे।

124.1 mg का ‘ओवरडोज’ और थार का ‘तगड़ा ड्रामा’

शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को जब विजय नगर पुलिस की टीम (SI अर्जुन सिंह परिहार और उनकी पलटन) सड़कों पर मुस्तैद थी, तभी एक चमचमाती काली थार (नंबर MP09DY6679) आती दिखाई दी। पुलिस ने रोका तो थार में सवार इंदौर के गणेश नगर निवासी आदर्श वर्मा (21) का टशन देखने लायक था। लेकिन जब पुलिस ने मुंह के आगे ब्रीथ एनालाइजर लगाया, तो सुई सीधी 124.1 mg/100 ml पर जा अटकी! यानी जनाब शराब के पूरे पैग लगाकर थार को ‘हवाई जहाज’ समझकर उड़ा रहे थे।

थार की पिछली सीट से खुला ‘4 नंबर प्लेटों वाला जासूसी राज’

नशे की जांच तो हो गई, लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट तब आया जब विजय नगर पुलिस को दाल में कुछ काला लगा। पुलिस टीम ने जब थार की बारीकी से तलाशी ली, तो पिछली सीट के पीछे MP12ZK5529 नंबर की खुली नंबर प्लेटें रखी मिलीं। पुलिस ने जब चेसिस नंबर से रिकॉर्ड खंगाला तो होश उड़ गए! जिस थार पर बाहर MP09DY6679 लिखा था, उसकी असली पहचान (पंजीयन नंबर) तो MP12ZK5529 थी। यानी नवाब साहब असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट चिपकाकर शहर में हवाबाजी कर रहे थे, और बैकअप के लिए 4-4 खुली नंबर प्लेटें भी साथ लिए घूम रहे थे!

पुलिस ने फुस्स किया भौकाल, दर्ज हुई BNS की तगड़ी धाराएं

कमिश्नरेट पुलिस के आला अधिकारी पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, DCP अमन सिंह राठौड़, ACP पराग सैनी और TI चंद्रकांत पटेल के नेतृत्व में बिना किसी ढील के तुरंत कार्रवाई की गई। पुलिस ने काली महिंद्रा थार और 4 खुली फर्जी नंबर प्लेट्स जप्त की है।

इंदौर पुलिस की दो टूक चेतावनी: “नशा और फर्जीवाड़ा, दोनों पड़ेगा भारी!”

इंदौर पुलिस ने शहर के तमाम ‘हवाबाजों’ को साफ संदेश दिया है कि नशे में गाड़ी चलाना और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूमना सीधे जेल का रास्ता खोलता है। सड़कों पर अपने साथ-साथ दूसरों की जान जोखिम में न डालें, नियमों का पालन करें, वरना अगली बारी आपकी हो सकती है!

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m