हेमंत शर्मा, इंदौर। जिस शहर की पहचान अब सिर्फ स्वच्छता और व्यापार तक सीमित नहीं रह गई है, वही इंदौर अब इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी के नक्शे पर भी अपनी जगह मजबूत करने जा रहा है। शहर के युवा उद्योगपति और समाजसेवी सूरज रजक के SR ग्रुप ने होटल इंडस्ट्री में करीब 1 हजार करोड़ रुपए के निवेश की तैयारी की है। इसके लिए SR ग्रुप और मैरियट इंटरनेशनल के बीच एमओयू साइन किया गया है।

इस करार के तहत इंदौर और आसपास के क्षेत्र में एक साथ तीन बड़े इंटरनेशनल होटल विकसित किए जाएंगे। इनमें JW मैरियट, कोर्टयार्ड मैरियट और फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन शामिल हैं। तीनों प्रोजेक्ट करीब 12.5 एकड़ जमीन पर विकसित किए जाएंगे। जमीन की लागत करीब 400 करोड़ रुपए अलग बताई गई है।

इंदौर को पहली बार मिलेगा JW मैरियट

इस पूरे प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत है JW मैरियट। इंदौर के सुपर कॉरिडोर पर करीब 3.5 एकड़ जमीन में बनने वाला यह होटल मध्य प्रदेश में इस ब्रांड का पहला होटल होगा। प्रस्तावित होटल में करीब 250 कमरे और सुइट्स होंगे। इसके अलावा कई तरह के रेस्टोरेंट, बड़े कार्यक्रमों और मीटिंग के लिए जगह, स्पा, जिम और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। होटल को इस तरह विकसित करने की योजना है कि बिजनेस से इंदौर आने वाले लोगों के साथ-साथ शहर घूमने आने वाले मेहमानों को भी इंटरनेशनल स्तर की सुविधाएं मिल सकें।

पीथमपुर को मिलेगा पहला 5 स्टार होटल

दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट पीथमपुर में करीब 4 एकड़ जमीन पर कोर्टयार्ड मैरियट के रूप में तैयार किया जाएगा। यह पीथमपुर का पहला 5 स्टार होटल होने का दावा किया गया है। करीब 250 कमरों और सुइट्स वाले इस होटल में लगभग 500 लोगों की क्षमता वाला एयरकंडीशन्ड ऑडिटोरियम, बॉलरूम और करीब पांच तरह के रेस्टोरेंट प्रस्तावित हैं। पीथमपुर के औद्योगिक क्षेत्र के लिहाज से भी यह प्रोजेक्ट अहम माना जा रहा है। कारोबार के सिलसिले में आने वाले देश-विदेश के मेहमानों के लिए अब इंदौर पर निर्भरता कम करने की संभावना जताई जा रही है।

अरविंदो के पास आएगा फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन

तीसरा होटल फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन इंदौर में अरविंदो के पास करीब 5 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा। इस होटल में करीब 150 कमरे और सुइट्स होंगे। साथ ही बैंक्वेट हॉल और रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं रहेंगी। होटल के इन-हाउस रेस्टोरेंट ‘द ईटरी’ में स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन परोसे जाने की योजना है। यह होटल खास तौर पर बिजनेस ट्रैवलर्स और शहर में आने वाले दूसरे मेहमानों के लिए विकसित किए जाने की बात कही गई है।

सूरज रजक बोले- इंदौर में बढ़ रही इंटरनेशनल कंपनियों की दिलचस्पी

SR ग्रुप के चेयरमैन सूरज रजक ने कहा कि मध्य प्रदेश की औद्योगिक और व्यवसायिक नीतियों के चलते इंटरनेशनल कंपनियों की प्रदेश में रुचि बढ़ रही है। उनके मुताबिक, इंदौर तेजी से बड़े निवेश और इंटरनेशनल ब्रांड्स के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि तीनों होटल प्रोजेक्ट में करीब 1 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा, जबकि जमीन की लागत करीब 400 करोड़ रुपए अलग है। सूरज रजक के मुताबिक, इन प्रोजेक्ट्स के जरिए इंदौर और पीथमपुर में आने वाले बिजनेस ट्रैवलर्स, पर्यटकों और बड़े आयोजनों के लिए बेहतर हॉस्पिटैलिटी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सिर्फ होटल नहीं, इंदौर की बदलती पहचान की तस्वीर

इंदौर में एक साथ तीन बड़े इंटरनेशनल होटल ब्रांड्स का आना शहर की बदलती कारोबारी तस्वीर को भी सामने रखता है। सुपर कॉरिडोर से लेकर पीथमपुर और अरविंदो क्षेत्र तक होटल इंडस्ट्री में बड़े निवेश की यह योजना बताती है कि शहर में बिजनेस, इंडस्ट्री, पर्यटन और बड़े आयोजनों से जुड़ी हॉस्पिटैलिटी की मांग बढ़ रही है। एक तरफ इंदौर का पारंपरिक व्यापारिक चेहरा है, तो दूसरी तरफ अब शहर इंटरनेशनल ब्रांड्स और लग्जरी हॉस्पिटैलिटी के लिए भी तैयार हो रहा है। सूरज रजक और SR ग्रुप का यह प्रोजेक्ट सिर्फ तीन होटल बनाने की योजना नहीं, बल्कि इंदौर के बदलते कारोबारी दौर की एक बड़ी तस्वीर है। अब इन प्रोजेक्ट्स के जमीन पर उतरने और तय समय में तैयार होने के बाद यह देखना अहम होगा कि इंदौर की होटल इंडस्ट्री और शहर की अर्थव्यवस्था पर इसका कितना असर पड़ता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m