इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 55वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 3 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। धर्मशाला में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दिल्ली ने 211 रन के विशाल लक्ष्य को 19 ओवर में ही हासिल कर लिया। मैच जितना बल्लेबाजों के लिए खास रहा, उतना ही तेज गेंदबाजों के लिए भी यादगार बन गया।

IPL इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा पेस अटैक मैच

दरअसल, इस मुकाबले में दोनों टीमों के तेज गेंदबाजों ने मिलकर कुल 39 ओवर फेंके। इसके साथ ही यह मैच IPL इतिहास में तेज गेंदबाजों द्वारा फेंके गए दूसरे सबसे ज्यादा ओवर वाला मुकाबला बन गया। खास बात यह रही कि स्पिन गेंदबाजों की भूमिका बेहद सीमित नजर आई और लगभग पूरा मैच पेस अटैक के इर्द-गिर्द घूमता रहा।

दोनों टीमों के पेसर्स ने संभाली पूरी जिम्मेदारी

इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मिचेल स्टार्क, औकिब नबी डार, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार और माधव तिवारी ने पूरे 20 ओवर फेंके। वहीं पंजाब किंग्स की तरफ से अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर, मार्को यानसन, बेन ड्वार्शुइस और मार्कस स्टोइनिस ने कुल 19 ओवर डाले।

2008 में बना था सबसे बड़ा रिकॉर्ड

IPL इतिहास में तेज गेंदबाजों द्वारा सबसे ज्यादा ओवर फेंके जाने का रिकॉर्ड 2008 में बना था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में तेज गेंदबाजों ने कुल 39.4 ओवर फेंके थे। उस मैच में RCB की ओर से डेल स्टेन, जहीर खान, प्रवीण कुमार, जैक्स कैलिस और बालाचंद्र अखिल ने पूरे 20 ओवर डाले थे, जबकि CSK के जैकब ओराम, मनप्रीत गोनी, एल्बी मोर्कल, पलानी अमरनाथ और जोगिंदर शर्मा ने 19.4 ओवर गेंदबाजी की थी। रोमांचक मुकाबले में CSK ने 13 रन से जीत दर्ज की थी।

धर्मशाला में 2013 में भी दिखा था पेसर्स का जलवा

इस सूची में तीसरे स्थान पर IPL 2013 का मुकाबला शामिल है, जब धर्मशाला में किंग्स XI पंजाब (अब PBKS) और दिल्ली डेयरडेविल्स (अब DC) के बीच खेले गए मैच में तेज गेंदबाजों ने कुल 36 ओवर फेंके थे। दिल्ली की तरफ से इरफान पठान, सिद्धार्थ कौल, मोर्ने मोर्कल, आशीष नेहरा और उमेश यादव ने मिलकर 20 ओवर डाले थे। वहीं पंजाब की ओर से प्रवीण कुमार, अजहर महमूद, संदीप शर्मा और परविंदर अवाना ने 16 ओवर गेंदबाजी की थी। उस मुकाबले में पंजाब ने 5 विकेट से जीत हासिल की थी।

RR vs DD मैच भी रिकॉर्ड लिस्ट में शामिल

वहीं IPL 2015 में ब्रेबोर्न स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) और दिल्ली डेयरडेविल्स (DD) के बीच खेले गए मैच में भी तेज गेंदबाजों ने कुल 36 ओवर फेंके थे। दिल्ली की ओर से जहीर खान, गुरिंदर संधू, नाथन कुल्टर-नाइल और एंजेलो मैथ्यूज ने 16 ओवर डाले थे। दूसरी तरफ राजस्थान के टिम साउदी, धवल कुलकर्णी, स्टुअर्ट बिन्नी, शेन वॉटसन, जेम्स फॉकनर और रजत भाटिया ने पूरे 20 ओवर गेंदबाजी की थी। इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने 14 रन से जीत दर्ज की थी।

T20 क्रिकेट में बढ़ रही तेज गेंदबाजों की अहमियत

धर्मशाला में खेले गए PBKS और DC के हालिया मुकाबले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि T20 क्रिकेट में तेज गेंदबाजों की भूमिका कितनी अहम हो चुकी है। बल्लेबाजों के दबदबे वाले इस फॉर्मेट में भी पेस अटैक मैच का रुख बदलने की ताकत रखता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H