SRH vs PBKS IPL 2026: आईपीएल 19वें सीजन के 49वें मुकाबले में आज सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पंजाब किंग्स (PBKS) आमने-सामने होंगी। मौजूदा सीजन में यह दूसरी बार होगा जब ये दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। इससे पहले PBKS ने न्यू चंडीगढ़ में खेले गए पिछले मुकाबले में SRH को 6 विकेट से शिकस्त दी थी। पिछले सीजन में दोनों के बीच एक मुकाबला हुआ था, जिसे हैदराबाद ने जीता था।

SRH देगी PBKS की बादशाहत को चुनौती

आईपीएल के मौजूदा सीजन में PBKS अब तक खेले गए 9 मुकाबलों में 6 जीत और 2 हार के बाद पॉइंट्स टेबल के टॉप पर मौजूद है। वहीं SRH 10 मुकाबलों में से 6 में जीत और 4 में हार के बाद 12 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल पर तीसरे स्थान पर है। मौजूदा सीजन में लगातार 6 मैचों की जीत के बाद मजबूत स्थिति में रही PBKS को पिछले दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में आज टीम की नजर हार की हैट्रिक से बचकर वापस लय पाने पर होगी, जबकि SRH की नजर मुकाबला जीतकर पॉइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंचने पर होगी।

बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले 7 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग 11 और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में अब तक 88 आईपीएल मुकाबले खेले जा चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार यहां बल्लेबाजों और रन चेज करने वाली टीमों को ज्यादा फायदा मिलता है। यहां 38 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 49 मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम सफल रही है। यानी लगभग 55% मैच रन चेज करने वाली टीमों ने अपने नाम किए हैं, जिससे साफ है कि रात के समय यहां बल्लेबाजी आसान हो जाती है।

हालांकि इस सीजन के 5 मैचों में स्थिति थोड़ी अलग रही है। दो मुकाबलों में ही रन चेज सफल रहा है, जबकि तीन मैचों में बड़े स्कोर को डिफेंड भी किया गया है।

टॉस के आंकड़े भी काफी दिलचस्प हैं। यहां टॉस हारने वाली टीमों का जीत प्रतिशत करीब 62.5% है, जबकि टॉस जीतने वाली टीमों का जीत प्रतिशत सिर्फ 36.36% रहा है। एक मैच बेनतीजा भी रहा है। इससे साफ है कि टॉस जीतना हमेशा फायदेमंद साबित नहीं होता, लेकिन आमतौर पर गेंदबाजी चुनना बेहतर विकल्प माना जाता है।

इस स्टेडियम में पहली पारी का औसत स्कोर लगभग 165 रन है, लेकिन हाल के वर्षों और इम्पैक्ट प्लेयर नियम को देखते हुए 200+ स्कोर भी सुरक्षित नहीं माना जाता। इस मैदान पर अब तक का सबसे बड़ा स्कोर 286/6 है, जो सनराइजर्स हैदराबाद ने पिछले साल राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बनाया था।

गेंदबाजों की बात करें तो यहां वे प्रति ओवर लगभग 8.40 रन खर्च करते हैं और प्रति विकेट औसतन 27.30 रन मिलते हैं, जो टी20 के लिहाज से बल्लेबाजों के पक्ष में संकेत देता है। कुल मिलाकर यहां एक बार फिर हाई-स्कोरिंग मुकाबले की पूरी संभावना नजर आ रही है।

SRH बनाम PBKS हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

SRH बनाम PBKS के IPL इतिहास में मुकाबलों की बात करें तो हैदराबाद का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 25 मैच खेले गए हैं, जिनमें SRH ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं PBKS को 8 मैचों में ही सफलता मिली है। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड साफ तौर पर दिखाता है कि SRH ने इस भिड़ंत में अब तक बढ़त बनाए रखी है।

SRH और PBKS की संभावित प्लेइंग 11

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)

पैट कमिंस (कप्तान), ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, ईशान मलिंगा, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन, जयदेव उनादकट

इम्पैक्ट प्लेयर: हर्षल पटेल

पंजाब किंग्स (PBKS)

श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, मुशीर खान, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, कूपर कोनोली, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्यूसन

इम्पैक्ट प्लेयर: हरप्रीत बरार

कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार Star Sports नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H