Jodhpur’s famous Mawa Kachori: जब भी कचौड़ी का नाम सुनते हैं, तो सबसे पहले दिमाग में तीखी और चटपटी आलू, प्याज या दाल की कचौड़ी की तस्वीर उभर आती है। लेकिन राजस्थान के जोधपुर की मशहूर मावा कचौड़ी इन सबसे बिल्कुल अलग है। यह कोई नमकीन या तीखी डिश नहीं, बल्कि स्वाद और मिठास से भरपूर एक खास राजस्थानी मिठाई है। इसकी खस्ता बाहरी परत, अंदर भरे मावे और मेवों का स्वादिष्ट मिश्रण और ऊपर से लिपटी चाशनी इसे बेहद खास बनाती है। तो इस फेस्टिव सीजन में आप भी ये खास कचौड़ी ट्राई करिए और देखिए, सभी मेहमान अपनी तारीफ करते नहीं थकेंगे। तो चलिए जानते हैं इसकी रेसिपी।
सामग्री
आटे के लिए
मैदा- 2 कप
घी- 4 बड़े चम्मच
जरूरत के अनुसार पानी
नमक- एक चुटकी
स्टफिंग के लिए
मावा- 200 ग्राम
बादाम- 2 बड़े चम्मच बारीक कटे
काजू- 2 बड़े चम्मच बारीक कटे
किशमिश- 1 बड़ा चम्मच
इलायची- आधा छोटा चम्मच पाउडर
चीनी- तीन से चार बड़े चम्मच पिसी हुई
चाशनी के लिए
चीनी- 1 कप
पानी- आधा कप
केसर के धागे-4-5
कुछ बूंदें नींबू का रस
तलने के लिए जरूरत के अनुसार घी या रिफाइंड तेल
विधि
1- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा लें। इसमें घी और एक चुटकी नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त लेकिन चिकना आटा गूंथ लें। इसे ढककर करीब 20 मिनट के लिए रख दें।
2- एक कड़ाही में मावा डालकर धीमी आंच पर हल्का भून लें। जब मावा हल्का सुनहरा होने लगे, तो गैस बंद कर दें। इसे ठंडा होने दें। अब इसमें कटे हुए बादाम, काजू, किशमिश, इलायची पाउडर और पिसी चीनी मिलाएं।
3- गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। हर लोई को हल्का बेलें और बीच में तैयार मावे की स्टफिंग रखें। किनारों को अच्छी तरह बंद करके गोल कचौड़ी का आकार दें। ध्यान रखें कि कहीं से भी भरावन बाहर न निकले।
4- एक कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। अब तैयार कचौड़ियों को धीमी से मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। इन्हें बार-बार पलटते रहें, ताकि कचौड़ियां अंदर तक अच्छी तरह पक जाएं।
5- एक पैन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें। इसमें केसर के धागे और कुछ बूंदें नींबू का रस डालें। चाशनी को हल्का चिपचिपा होने तक पकाएं। इसे बहुत ज्यादा गाढ़ा न करें।
6- तली हुई कचौड़ियों को हल्का ठंडा होने दें। इसके बाद इन्हें गुनगुनी चाशनी में डालकर कुछ मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि मिठास अच्छी तरह अंदर तक पहुंच जाए। अब इन्हें बाहर निकालकर ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम से सजाएं।
मावा कचौड़ी को स्वादिष्ट बनाने के लिए अपनाएं ये सीक्रेट टिप्स
1- आटा गूंथते समय मोयन के लिए घी का सही इस्तेमाल करें। इससे कचौड़ी खस्ता बनेगी।
2- मावे को हमेशा धीमी आंच पर भूनें, ताकि उसका स्वाद और खुशबू बरकरार रहे।
3- स्टफिंग भरते समय कचौड़ी को अच्छी तरह सील करें।
4- कचौड़ियों को तेज आंच पर न तलें, वरना बाहर से रंग आ जाएगा लेकिन अंदर का हिस्सा कच्चा रह सकता है।
5- चाशनी में डालने से पहले कचौड़ियों को थोड़ा ठंडा जरूर करें।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
