प्रभाकर सिंह, कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी में पदस्थ नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोपों में पुलिस महकमे ने बड़ी कार्रवाई की है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी अब जबलपुर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अनु बेनीवाल को सौंपी गई है। जबलपुर आईजी ने उन्हें जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए दोहरी जांच के आदेश दिए हैं।

इससे पहले कटनी एसपी अभिजीत कुमार विश्वकर्मा ने प्राथमिक जांच के बाद सीएसपी के चालक केशव सिंह को सस्पेंड कर दिया था और सीएसपी पच्चीसिया से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थानों का प्रभार छीनकर अजाक डीएसपी को सौंप दिया था।

ये भी पढ़ें: खेत में गरज उठी बंदूकें…! भिंड में पूर्व सरपंच को मारी गोलियां, जानिए क्या थी खूनी रंजिश की वजह

क्या है पूरा मामला?

मामले की शुरुआत कटनी के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र कुमार जैन की लिखित शिकायत से हुई। जिसमें बताया गया कि 21 जुलाई की रात वाहन चेकिंग के दौरान रेत और डोलोमाइट परिवहन में लगे हाईवा को रोककर सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने 30,000 रुपये की अवैध मांग की थी। पैसे न देने पर वाहन को थाने में खड़ा करने और कार्रवाई करने की धमकी दी गई।

जिसके बाद दबाव में आकर व्यवसायी ने मौके पर ही 25,000 रुपये नकद दिए जबकि बाकी बचे 5,000 रुपये अगले दिन सीएसपी के चालक के माध्यम से पहुंचाए गए।

थानों का प्रभार छीना, जबलपुर ASP को सौंपी दोहरी जांच

मामले में साक्ष्य मिलने के बाद कटनी पुलिस अधीक्षक ने तत्काल एक्शन लेते हुए चालक आरक्षक केशव सिंह को निलंबित कर दिया। साथ ही प्रशासनिक कसावट लाते हुए सीएसपी के अधिकार क्षेत्र से तीनों प्रमुख थाने कुठला, माधवनगर, रंगनाथ नगर से हटाकर अजाक DSP शिवा पाठक को सौंप दिए।

ये भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड को रईसी दिखाने के चक्कर में बना कार चोरः दोस्त संग गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त की लग्जरी गाड़ियां

कटनी एसपी ने बताया कि सीएसपी पर लगे आरोपों की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर निष्पक्ष जांच जबलपुर एएसपी अनु बेनीवाल को सौंपी गई है, जो दोनों बिंदुओं पर गहराई से पड़ताल कर रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m