आम आदमी पार्टी (AAP) के कथित तौर पर सात सांसदों के BJP में शामिल होने की खबरों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने इस मुद्दे पर कड़ा हमला बोलते हुए बीजेपी पर “सीट चोरी” का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने कहा कि अगर ऐसा हुआ है तो यह लोकतंत्र के लिए ठीक संकेत नहीं है और उनकी पार्टी इसका जवाब आने वाले समय में देगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि आम आदमी पार्टी अगले साल इसका “राजनीतिक जवाब” देगी।

केजरीवाल ने कहा, “ये सात लोग जो चले गए, ये चोरी करके गए हैं। बीजेपी ने चोरी की है। ये सीट किसी के पिताजी की नहीं थी, पंजाब के लोगों की थी।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि पंजाब की छह राज्यसभा सीटों पर “बीजेपी ने डाका डाला है” और इस राजनीतिक घटनाक्रम को लोकतंत्र के खिलाफ बताया। केजरीवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि इसका जवाब आने वाले समय में दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “इसका बदला अगले साल फरवरी में लिया जाएगा।” गौरतलब है कि अगले साल Punjab में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे समय में सांसदों के कथित दलबदल को आम आमदी पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, जिससे राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

राघव चड्ढा ने की थी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात

राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने मंगलवार को आम आमदी पार्टी की पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बदले की राजनीति कर रही है और हाल ही में पार्टी छोड़कर BJP में शामिल हुए सांसदों को निशाना बनाया जा रहा है। राघव चड्ढा ने अपने तीन अन्य सांसदों के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ “उत्पीड़न और राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्रवाई” की जा रही है। चड्ढा का कहना है कि आप से अलग होने के बाद उनके और अन्य नेताओं के खिलाफ सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग भी की।

चड्ढा ने बैठक के बाद यहां पत्रकारों से कहा, आम आदमी पार्टी से असहमति जताने और अलग होने का निर्णय लेने वाले सांसदों के साथ हो रहे कथित व्यवहार को उन्होंने राष्ट्रपति के समक्ष रखा है। उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी से असहमति जताने का अपना संवैधानिक अधिकार प्रयोग करने वाले सभी सांसदों और उनके साथ हो रही घटनाओं को आज राष्ट्रपति के सामने रखा गया है।” चड्ढा ने आगे आरोप लगाया कि पार्टी की तरफ से रवैया बदल गया है। उन्होंने कहा, “जब तक हम आज्ञाकारी रहे, हमें संस्कारी माना गया। जैसे ही हमने पार्टी छोड़ी, हमें भ्रष्ट करार दे दिया गया।”

सांसदों को धमकाने का आरोप

चड्ढा ने दावा किया कि बीजेपी में शामिल हुए कई पूर्व आप सांसदों पर राज्य एजेंसियों द्वारा दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें धमकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी पर विपक्ष “बदले की राजनीति” का आरोप लगाता था, वही अब “प्रतिशोध की राजनीति” में शामिल दिखाई दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि 24 अप्रैल को जब वे और अन्य नेता आप छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए, तभी से उन्हें और अन्य सांसदों को “सुनियोजित तरीके से निशाना” बनाया जा रहा है और परेशान किया जा रहा है। चड्ढा ने कुछ उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि पूर्व क्रिकेटर और सांसद हरभजन सिंह पर कथित रूप से हमला किया गया, जबकि उद्योगपति और सांसद राजेंद्र गुप्ताके व्यावसायिक कार्यों में बाधा डाली जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m