पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की अगुवाई वाली TMC की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे भाजपा की जीत नहीं, बल्कि “बंगाल के भविष्य की जीत” बताया है। CM रेखा गुप्ता ने कहा कि वर्षों तक अत्याचार और दुराचार झेलने वाली बंगाल की जनता ने जब बदलाव का मन बना लिया, तो उन्होंने डर को पीछे छोड़कर जीत की राह चुनी। उनका कहना था कि यह जनादेश परिवर्तन और बेहतर शासन की उम्मीद का प्रतीक है। गौरतलब है कि 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा में BJP ने 206 सीटें जीतकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह परिणाम लोकतंत्र और बंगाल के भविष्य की जीत है। रेखा गुप्ता ने कहा, “बंगाल की जनता ने वर्षों तक प्रताड़ना, अत्याचार और दुराचार सहा। जब वे एकजुट होकर खड़ी हुईं, तो यह लोकतंत्र की जीत बन गई। यह बंगाल के भविष्य की जीत है।” उन्होंने आगे कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, अमित शाह की संगठनात्मक क्षमता और नितिन नवीन के कार्यों की भी जीत है।

उन्होंने कहा, “नेता कुछ नहीं करता, जो करती है जनता करती है। जब जनता मन बना लेती है और तय कर लेती है, तो वह भय के आगे जीत की ओर निकल जाती है।” रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि अब यह जीत केवल चुनावी जीत नहीं है, बल्कि भविष्य और विकास की दिशा में बड़ा कदम है। उनके मुताबिक, “अब जीत के आगे भविष्य है और भविष्य के साथ विकास है। पूरा देश अब बंगाल के साथ मिलकर उसके विकास में भागीदारी करेगा।”

रेखा गुप्ता-मंत्रियों संग मनाया भाजपा की जीत का जश्न

बंगाल और असम में चुनावी जीत के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में जश्न मनाया। इस मौके पर उन्होंने अपने कैबिनेट मंत्रियों प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, मंजिंदर सिंह सिरसा और रवींद्र इंद्रराज सिंह के साथ मिलकर रसगुल्ले और झालमुड़ी खाकर जीत का जश्न मनाया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा, “जीत का जश्न, झालमुड़ी और रसगुल्ला के संग।”उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और  नितिन नवीन को बधाई दी और कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और पार्टी के मजबूत नेतृत्व का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की नीतियों का लाभ अब पश्चिम बंगाल को भी मिलेगा, जिससे राज्य में विकास को नई गति मिलेगी।” उन्होंने आगे कहा कि केंद्र की कई प्रमुख योजनाओं ने देशभर में आम लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाया है। इनमें Pradhan Mantri Jan Dhan Yojana, Pradhan Mantri Ujjwala Yojana, Ayushman Bharat, Digital India और Atmanirbhar Bharat जैसे अभियान शामिल हैं।  इन योजनाओं के जरिए आमजन के जीवन स्तर में सुधार हुआ है और अब पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह के सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।

रेखा गुप्ता ने दावा किया कि बंगाल में ममता बनर्जी सरकार ने केंद्र की अधिकतर विकास योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब राज्य के नागरिकों को केंद्र सरकार की नीतियों का पूरा लाभ मिलेगा, जिससे उनके जीवन स्तर में प्रभावी सुधार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही योजनाएं देशभर में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं और अब पश्चिम बंगाल में भी इनका असर देखने को मिलेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m