इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश की खंडवा पुलिस ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर अलर्ट मोड पर नजर आ रही है। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। एक तरफ जहां पुलिस लोगों के बीच पहुंचकर संवाद कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ लगातार कॉम्बिंग गश्त और कार्रवाई करते हुए करीब 200 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस थानों में गुंडा परेड भी कराई जा रही है। वहीं दो लोगों जिला बदर भी किया गया है।
बकरीद के दौरान शहर और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 450 से 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस के साथ होमगार्ड और वन विभाग की टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगी। अतिरिक्त मोबाइल वैन लगातार शहर में पेट्रोलिंग करेगी। संवेदनशील इलाकों, मंदिर-मस्जिद और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
ये भी पढ़ें: MP Police Bharti 2026: प्रधान आरक्षक और ASI ‘कंप्यूटर’ की शारीरिक दक्षता परीक्षा 7 से 9 जून तक, आधार e-KYC जरूरी
पुलिस जवान गली-मोहल्लों में लगातार गश्त करेंगे। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी शहर पर नजर रखी जाएगी। वहीं साइबर सेल की टीम सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर बनाए हुए है। खंडवा के एसपी अगम जैन ने कहा कि आमजन के बीच जाकर संवाद किया जा रहा है, ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। वहीं गुंडे-बदमाशों की थानों में परेड भी कराई जा रही है। बकरीद ईद को लेकर शांति समिति की बैठक में भी ली गई है।


