KKR vs GT IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 60वें मुकाबले में आज कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस आमने-सामने हैं। कोलकाता के ईडन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में GT के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। गिल ने बताया कि उन्होंने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। जबकि, KKR में वरुण चक्रवर्ती की वापसी हुई है।
बता दें कि 3 बार की टाइटल चैंपियन KKR ने इस सीजन अब तक 11 मैचों में 4 जीत और 6 हार के साथ 9 अंक हासिल किए हैं और टीम पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर मौजूद है। प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए KKR को अपने बचे हुए सभी मुकाबले जीतने होंगे। इसके बाद नेट रन रेट और अन्य टीमों के नतीजे तय करेंगे कि टीम टॉप-4 में जगह बना पाएगी या नहीं। ऐसे में यह मुकाबला KKR के लिए करो या मरो जैसा बन गया है।

वहीं, शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। GT ने अब तक खेले गए 12 मुकाबलों में 8 जीत दर्ज की है और 16 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर काबिज है। अगर गुजरात आज KKR को हरा देती है, तो वह IPL 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन जाएगी। साथ ही टीम अंक तालिका में नंबर-1 स्थान पर भी पहुंच सकती है।

बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स आज करीब एक महीने बाद अपने घरेलू मैदान ईडन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम में उतरेगी। KKR और GT के बीच यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट

ईडन गार्डन्स की पिच इस सीजन में स्पिन गेंदबाजों के लिए काफी मददगार साबित हुई है, लेकिन बल्लेबाजों को भी यहां रन बनाने में ज्यादा परेशानी नहीं होती। अच्छी बाउंस और तेज आउटफील्ड की वजह से चौके-छक्कों की बरसात देखने को मिलती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाज असर डाल सकते हैं, जबकि मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स मैच पर पकड़ बना सकते हैं।
ईडन गार्डन्स में आईपीएल के आकड़ें

ईडन गार्डन्स में अब तक आईपीएल के 104 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 43 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को 59 मुकाबलों में सफलता मिली है। यहां चेज करने वाली टीमों का रिकॉर्ड ज्यादा बेहतर रहा है। दो मुकाबले बारिश के कारण बेनतीजा भी रहे हैं।

इस मैच पर भी बारिश का खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि मुकाबले से एक दिन पहले कोलकाता में जमकर बारिश हुई थी। हालांकि, यहां टॉस का असर ज्यादा देखने को नहीं मिलता। टॉस जीतने वाली टीम ने 52 और टॉस हारने वाली टीम ने 50 मैच जीते हैं। इसके बावजूद ज्यादातर टीमें ड्यू फैक्टर को ध्यान में रखते हुए टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती हैं।
KKR बनाम GT हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

KKR और GT के बीच अब तक कुल 5 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी रहा है। GT ने 4 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स सिर्फ 1 मुकाबला जीत सकी है।
पिछले सीजन दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबले में भी गुजरात ने बाजी मारी थी। वहीं, इस सीजन यह दोनों टीमों की दूसरी भिड़ंत होगी। अहमदाबाद में हुआ पिछला मैच भी GT ने अपने नाम किया था।
दिलचस्प बात यह है कि KKR ने गुजरात के खिलाफ अपनी आखिरी जीत अप्रैल 2023 में हासिल की थी। इसके बाद से हर मुकाबले में गुजरात ने दबदबा बनाए रखा है। अब देखना होगा कि ईडन गार्डन्स में KKR वापसी कर पाती है या फिर GT जीत की लय बरकरार रखते हुए प्लेऑफ की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाती है।
KKR और GT की प्लेइंग 11

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी
इम्पैक्ट प्लेयर: अरोड़ा, रमनदीप, तेजस्वी, पॉवेल और पथिराना।
गुजरात टाइटंस (GT)
साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, मोहम्मद सिराज
इम्पैक्ट प्लेयर: तेवतिया, फिलिप्स, रावत, प्रसिद्ध और कुशाग्र।
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

