प्रवीण साहू, अभनपुर। कुर्रा रेलवे अंडरब्रिज में बारिश के बाद भारी जलभराव और कीचड़ की समस्या से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्कूली बच्चों, विशेषकर छात्राओं, महिलाओं, किसानों और आम राहगीरों को घुटनों तक भरे गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा ग्रामीण अध्यक्ष गिरधारी साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने अंडरब्रिज के भीतर जलभराव के बीच धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान स्कूली छात्राएं भी पानी के बीच धरने में शामिल रही और हाथों में मांगों से संबंधित पोस्टर लेकर प्रशासन से समस्या का समाधान करने की मांग की। छात्राओं का कहना था कि बारिश के दिनों में अंडरब्रिज में पानी भर जाने के कारण स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी होती है। कई बार घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे कपड़े और किताबें भीगने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

अंडरब्रिज में जलभराव रोकने स्थायी व्यवस्था की मांग

ग्रामीणों ने बताया कि बारिश होते ही कुर्रा रेलवे अंडरब्रिज जलमग्न हो जाता है। इसके कारण कुर्रा, सोनेसिली और आलेखुटा सहित आसपास के गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो जाता है। स्कूली बच्चों के साथ किसान, महिलाएं और दैनिक आवागमन करने वाले ग्रामीण भी परेशान हैं। जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू ने कहा कि यह केवल जलभराव की समस्या नहीं है, बल्कि हजारों ग्रामीणों के सुरक्षित आवागमन और बच्चों की शिक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था करने और भविष्य में अंडरब्रिज में जलभराव रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग की।

प्रशासन को दो दिन का दिया अल्टीमेटम

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा ग्रामीण अध्यक्ष गिरधारी साहू ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि दो दिनों के भीतर अंडरब्रिज से पानी निकासी की व्यवस्था कर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस द्वारा बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को हर बारिश में इसी तरह परेशानी झेलने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि दो दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

देखें वीडियो –

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H