LSG vs RCB IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 50वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) आमने-सामने होगी। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली LSG का इस सीजन प्रदर्शन अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने 9 मैचों में केवल 2 जीत दर्ज की हैं, जबकि 7 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। 4 अंकों के साथ LSG फिलहाल पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है।

दूसरी ओर रजत पाटीदार की कप्तानी वाली डिफेंडिंग चैंपियन RCB शानदार लय में नजर आ रही है। टीम ने अब तक 9 मैचों में 6 जीत हासिल की हैं और 3 में हार झेली है। 12 अंकों के साथ RCB पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर बनी हुई है। ऐसे में जहां RCB यह मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंचना चाहेगी, वहीं LSG के लिए यह मुकाबला आत्मविश्वास और साख बचाने जैसा होगा।

बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले 7 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

इकाना स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में अब तक आईपीएल के 26 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें से एक मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 11 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने 14 मुकाबलों में जीत हासिल की है।

टॉस का बड़ा असर

इकाना में टॉस का परिणाम मैच पर काफी प्रभाव डालता है। टॉस जीतने वाली टीमों ने लगभग 61.54% मैच जीते हैं, यानी 26 में से 16 मुकाबले, जबकि टॉस हारने वाली टीम सिर्फ 9 मैच जीत पाई है। इससे साफ है कि यहां टॉस जीतना एक बड़ा एडवांटेज है।

पिच और स्कोरिंग पैटर्न

इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 172 से अधिक रहता है, लेकिन यह हाई-स्कोरिंग पिच नहीं मानी जाती। यहां टीमें आमतौर पर 180–200 रन के आसपास ही स्कोर करती हैं। अब तक का सबसे बड़ा स्कोर 235 रन रहा है, जबकि सबसे कम स्कोर 108 रन दर्ज हुआ है। 2026 सीजन में अब तक कोई भी टीम 200 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है, और सबसे बड़ा स्कोर 165 रन रहा है, जो गुजरात टाइटन्स ने LSG के खिलाफ बनाया था।

गेंदबाजों को मिलता है फायदा

इकाना की पिच गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां औसत रन रेट लगभग 8.65 रन प्रति ओवर है और विकेट गिरने की संभावना भी अधिक रहती है। खासकर मिडिल ओवर्स में बल्लेबाजों को रन बनाना आसान नहीं होता और गेंदबाज मैच पर पकड़ बनाए रखते हैं। हालांकि RCB की मजबूत बल्लेबाजी और LSG के फॉर्म में लौटते बल्लेबाजों को देखते हुए इस मैच में बड़ा स्कोर देखने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

LSG बनाम RCB हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी ?

आईपीएल इतिहास में LSG और RCB के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का पलड़ा भारी रहा है। RCB ने 5 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स केवल 2 मुकाबले ही जीत पाई है।

इस सीजन में दोनों टीमों की यह दूसरी भिड़ंत है। इससे पहले बेंगलुरु में खेले गए मैच में RCB ने LSG को 5 विकेट से हराया था। पिछले सीजन में भी दोनों के बीच एक मुकाबला हुआ था, जिसमें जीत RCB के नाम रही थी।

इकाना स्टेडियम में दोनों टीमें अब तक दो बार आमने-सामने आई हैं और दोनों ही बार RCB ने जीत दर्ज की है। ऐसे में हेड-टू-हेड रिकॉर्ड और वेन्यू स्टैट्स दोनों ही RCB के पक्ष में नजर आते हैं।

LSG और RCB की संभावित प्लेइंग 11

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)

ऋषभ पंत (कप्तान व विकेटकीपर), निकोलस पूरन, मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, प्रिंस यादव, आवेश खान, शाहबाज अहमद

इम्पैक्ट प्लेयर: अब्दुल समद

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)

रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, जैकब बेथेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा

इम्पैक्ट प्लेयर: रोमारियो शेफर्ड

लाइव मैच कहां देखें?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार Star Sports नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H