रायपुर। महादेव सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हालिया कार्रवाई के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की निष्पक्ष कार्रवाई का उदाहरण बताया है। भाजपा नेता नरेशचंद्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा से जुड़े पदाधिकारी के खिलाफ हुई कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक पहचान के आधार पर संरक्षण नहीं दिया जाता।
गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस द्वारा भाजपा पर चयनात्मक कार्रवाई और द्वेषपूर्ण राजनीति के लगाए जाने वाले आरोप निराधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की “भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत कानून सभी के लिए समान रूप से लागू किया जा रहा है। महादेव सट्टा ऐप मामले में सबसे पहली आधिकारिक शिकायत पूर्व मंत्री राजेश मूणत और पार्टी कार्यकर्ता नरेश चंद्र गुप्ता ने संयुक्त रूप से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ी और कई प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई।

भाजपा नेता नरेशचंद्र गुप्ता ने कहा कि जांच के दौरान तत्कालीन कांग्रेस सरकार के संरक्षण में काम करने वाले पांच वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों, पूर्व मुख्यमंत्री, उनके पुत्र, एक विधायक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और तत्कालीन प्रदेश कोषाध्यक्ष सहित कई लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने जांच एजेंसियों से मांग की है कि इस मामले में शामिल सभी प्रशासनिक और राजनीतिक प्रभावशाली व्यक्तियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के अंतिम कार्रवाई की जाए।
गुप्ता ने कहा कि कानून का शिकंजा हर दोषी तक पहुंचना चाहिए, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल या पद पर क्यों न हो।छत्तीसगढ़ की जनता की गाढ़ी कमाई को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाकर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

