महोबा. उत्तर प्रदेश के महोबा जिला अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में जहर खाकर अस्पताल में भर्ती युवक से मिलने पहुंची उसकी प्रेमिका की मौजूदगी और दोनों के बीच हुई मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है. घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और इमरजेंसी वार्ड की निगरानी पर भी सवाल उठने लगे हैं. मामले का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं.

इसे भी पढ़ें- अनहोनी हुई तो जिम्मेदार कौन? बिना सुरक्षा उपकरण के टैंकर पर चढ़कर ठीक की जा रही लाइन

जहर खाने के बाद अस्पताल पहुंचा युवक

जानकारी के मुताबिक कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के सेला गांव निवासी नवल किशोर ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था. परिजन उसे गंभीर हालत में महोबा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज शुरू किया गया.

प्रेमिका के पहुंचने से बना चर्चा का विषय

इलाज के दौरान युवक की प्रेमिका भी उससे मिलने अस्पताल पहुंच गई. दोनों की मुलाकात इमरजेंसी वार्ड में हुई, जिसका घटनाक्रम अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया. बताया जा रहा है कि दोनों की अश्लील हरकतों से वार्ड में मौजूद अन्य मरीज और उनके तीमारदार असहज हो गए.

वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद लोगों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और इमरजेंसी वार्ड में निगरानी को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए. कई लोगों ने अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटना को अनुचित बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है.

इसे भी पढ़ें- ‘UP में 22 हजार स्कूल बंद’ के आरोप पर फूटा योगी सरकार का गुस्सा, मंत्री संदीप सिंह ने खोली अखिलेश के दावे की परतें

सीएमएस ने दिए जांच के आदेश

जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल परिसर की सुरक्षा के लिए 10 पूर्व सैनिकों की तैनाती की गई है, जो 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था संभालते हैं. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वीडियो में दिखाई गई गतिविधियों के संबंध में क्या कार्रवाई की जाएगी.