दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गुट ‘INDIA’ की आज महारैली है. विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ता, छात्र संगठन और नागरिक समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे. कांग्रेस का दावा है कि रैली में 10 लाख लोग जुटेंगे. जिसे लेकर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने दिल्ली के व्यापार पर गंभीर संकट पर चिंता जताई है. इससे लाखों लोगों को परेशानी होगी. 100 बड़ी मार्केट एसोसिएशन्स ने रैली टालने की अपील की थी.
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से अपील की है कि वो दिवाली के पीक सीजन में व्यापारियों की मोहब्बत की दुकानें बंद न करें.
कांग्रेस की रामलीला मैदान रैली को लेकर दिल्ली के व्यापारियों और राहुल गांधी के बीच तकरार बढ़ गई है. राहुल गांधी ने रैली में आने वाले लोगों से दिल्ली के बाजारों में खरीदारी कर छोटे दुकानदारों की मदद करने की अपील की थी. राहुल की इस अपील का CTI ने स्वागत किया, लेकिन जमीन पर स्थिति बिल्कुल विपरीत है.
रामलीला मैदान में विपक्षी दलों की रैली के बीच कारोबारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने राहुल गांधी को चौथा पत्र लिखा है. इस लेटर में CTI ने राहुल की शॉपिंग वाली अपील पर कहा कि जब दुकानें ही बंद रहेगी तो लोग खरीदारी कहां करेंगे.
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा है कि इस महारैली के कारण लगभग 3 लाख दुकानों में से 2.5 लाख दुकानें बंद रहने की आशंका है. 80 फीसदी बिजनेस ठप होने और दिवाली के सीजन में करीब 10,000 से 12,000 करोड़ रुपये के व्यापार के प्रभावित होने का दावा किया गया है.
गोयल ने कहा ‘हमें BJP का एजेंट बताया जा रहा है. 100 बड़ी मार्केट एसोसिएशन्स ने आपसे रैली टालने की अपील की थी. ये सब किसी पार्टी के एजेंट नहीं हैं, ये दिल्ली के व्यापारी हैं. इनका काम व्यापार करना है, राजनीति नहीं. उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा संकट ट्रांसपोर्ट का है. आज रामलीला मैदान के इर्द-गिर्द 10 किलोमीटर के दायरे में जितने भी ट्रांसपोर्ट हैं, वो लगभग बंद रहेंगे. उन्होंने कहा कि लोडिंग-अनलोडिंग नहीं होगी.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

