उत्तर-पश्चिम दिल्ली के वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक बर्तन कारखाने में काम करने वाले 47 वर्षीय संदीप ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे संदीप को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक संदीप उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुसाइड नोट में संदीप ने खुद से काफी कम उम्र की एक युवती के साथ बातचीत और संबंध खत्म होने को अपने इस आत्मघाती कदम की वजह बताया है। बताया जा रहा है कि युवती की उम्र संदीप की उम्र से आधी से भी कम थी।

पुलिस के अनुसार, संदीप उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर का रहने वाला था और अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ रहता था। वह अक्सर अपने एक दोस्त के घर आता-जाता था। इसी दौरान उसे दोस्त की 20 वर्षीय बेटी से लगाव हो गया। युवती दिल्ली के वजीरपुर इलाके में स्थित एक बर्तन कारखाने में काम करती थी और वहां अकेली रहती थी। बताया जा रहा है कि संदीप अक्सर उसे फोन करता था, लेकिन कुछ समय पहले युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। युवती के बातचीत बंद करने से परेशान संदीप गुरुवार को दिल्ली पहुंचा। शुक्रवार को वह पेट्रोल की दो बोतलें लेकर युवती के कारखाने में घुस गया और उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। युवती ने जब शादी से साफ इनकार कर दिया, तो संदीप ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

कारखाने में आग की लपटें देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान गंभीर रूप से झुलसे युवक संदीप को आनन-फानन में दीप चंद बंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में संदीप ने कथित तौर पर एक युवती से दोस्ती खत्म होने को अपनी मौत की वजह बताया है। नोट में उसने दावा किया कि युवती द्वारा दोस्ती खत्म किए जाने से आहत होकर वह यह कदम उठा रहा है।

दिल्ली पुलिस ने संदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

दिल्ली में संदीप की मौत के मामले में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना संत कबीर नगर में रह रहे संदीप के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m