आशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्य प्रदेश की रीवा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली कफ सिरप की भारी खेप पकड़ी है। देर रात हुई इस फिल्मी स्टाइल कार्रवाई में पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवती सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 900 से ज्यादा नशीली कफ सिरप की शीशियां बरामद हुई हैं।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर के रास्ते अवैध रूप से नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप सप्लाई के लिए लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और आईजी तथा एसपी के निर्देशन में सीएसपी राजीव पाठक के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम गठित की गई।

कार्रवाई की कमान बिछिया थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु आईपीएस राजीव अग्रवाल और चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने संभाली। पुलिस टीम ने चोरहटा थाना क्षेत्र में संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर तलाशी ली, जहां वाहन से भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से एक युवती समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खेप रीवा और आसपास के इलाकों में मेडिकल नशे के अवैध कारोबार के लिए सप्लाई की जानी थी। बरामद सिरप की संख्या 900 से अधिक बताई जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि खेप कहां से लाई गई थी, इसका मास्टरमाइंड कौन है और किन इलाकों में इसकी सप्लाई होनी थी। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m