मिथलेश गुप्ता, जशपुर। प्रदेश में मानसून की शुरुआत के साथ ही करंट लगने से होने वाली दुर्घटनाओं के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी बीच जशपुर जिले से भी एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गाला में खपड़ैल मकान की मरम्मत के दौरान एक व्यक्ति हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह छत से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन घायल को तत्काल पत्थलगांव सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

बिलासपुर में चाय बनाते समय करंट लगने से महिला की मौत

बता दें कि बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदी कला में भी करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय आशा देवी रजक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह वह रोज की तरह अपने घर के किचन में चाय बनाने गई थीं। इसी दौरान जैसे ही उन्होंने किचन के टीन शेड को छुआ, उसमें प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गईं। करंट का झटका इतना तेज था कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद महिला को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रायपुर में सोलर पैनल लगाते समय दो तकनीशियनों की मौत

बीते रविवार को रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो सोलर तकनीशियनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय प्रमोद चंद्राकर और 19 वर्षीय आशीष चंद्राकर के रूप में हुई। दोनों एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए।

बिलासपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों की गई जान

इसी तरह रविवार को ही बिलासपुर जिले के तखतपुर जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भाड़म में करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दसन बाई सिंगरौल और उनके दो पुत्र विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) तथा सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) शामिल हैं। तीनों खेत की घेराबंदी के दौरान करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H